कई राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके फ़िल्म-निर्देशक मधुर भंडारकर, जिसे महिला नायिकाओं की मुख्य भूमिका वाली बेमिसाल कहानियों को प्रस्तुत करने में महारत हासिल है, जल्द ही एक और महिला प्रधान फ़िल्म लेकर आ रहे हैं जिसका नाम है बबली बाउंसर । इस फ़िल्म में तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका निभाएंगी । बबली बाउंसर के रूप में तमन्ना भाटिया बिल्कुल नए अवतार में नजर आएंगी । फॉक्स स्टार स्टूडियोज़ और जंगली पिक्चर्स द्वारा साथ मिलकर प्रोड्यूस की जा रही फ़िल्म, बबली बाउंसर एक महिला बाउंसर की काल्पनिक लेकिन बेहद दिलचस्प कहानी है, जो असल ज़िंदगी में उत्तर भारत के 'बाउंसर टाउन' के रूप में मशहूर– असोला फतेपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित है ।

मधुर भंडारकर की महिला प्रधान फ़िल्म बबली बाउंसर में ‘बाउंसर’ बनेंगी तमन्ना भाटिया ; इस साल के अंत में 3 भाषाओं में रिलीज होगी यह फ़िल्म

तमन्ना भाटिया की बबली बाउंसर

फ़िल्म-निर्माता मधुर भंडारकर ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “एक फ़िल्म निर्माता के रूप में जब आपको पहले कभी न कही गई कहानी को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का मौका मिलता है, तब बहुत सी चीजें आपको उत्साहित करती हैं और आप आगे की योजना बनाते हैं। मैं एक महिला बाउंसर की इस कहानी को आम ज़िंदगी में शामिल हँसी-मज़ाक के जरिए पर्दे पर उतारना चाहता हूँ, जो दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ती है।" उन्होंने आगे कहा, "बबली बाउंसर की शूटिंग आज से शुरू हो रही है, और मैं हमेशा की तरह महिला बाउंसरों के बारे में दुनिया के नजरिए की इस कहानी को सामने लाने के लिए पूरी तरह तैयार हूँ। यह एक बेहतरीन कहानी है और मुझे पूरा यकीन है कि तमन्ना अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को हैरान कर देगी ।”

शूटिंग शुरू करने के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने कहा, “बबली बाउंसर की कहानी पढ़ने के बाद ही मुझे इस किरदार से प्यार हो गया, क्योंकि यह मेरे सामने आने वाले अब तक के सबसे रोमांचक और मज़ेदार किरदारों में से एक है। मधुर सर में महिला नायिकाओं को स्पष्ट तरीके से पर्दे पर प्रस्तुत करने की काबिलियत है और बबली का किरदार भी इतना ही दमदार है। पहली बार किसी फ़िल्म में एक महिला बाउंसर की कहानी दिखाई जाएगी, और इस फ़िल्म के जरिए मैं उन सभी की आवाज बनने के लिए बहुत ज्यादा उत्साहित हूँ। अब तो मैं इस नई दुनिया में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूँ ।”

इस मौके पर बिक्रम दुग्गल, हेड ऑफ स्टूडियोज़, डिज्नी स्टार इंडिया ने कहा, “हम अपनी कहानियों के जरिए इंसान के जीवन के अलग-अलग तरह के अनुभवों और कल्पनाओं का जश्न मनाना चाहते हैं। हम हमेशा बिल्कुल नई, अनोखी और बेहद मनोरंजक फ़िल्मों एवं किरदारों को प्रस्तुत करना चाहते हैं, जो पूरी दुनिया के दर्शकों का मन मोह ले। बबली बाउंसर भी ऐसी ही एक कहानी है, और हमें पूरी उम्मीद है कि यह फ़िल्म दर्शकों के दिलो-दिमाग में कभी न मिटने वाली छाप छोड़ने में कामयाब रहेगी। हमें जंगली पिक्चर्स, मधुर और तमन्ना के साथ इस सफ़र की शुरुआत करते हुए बेहद खुशी हो रही है, जो निश्चित तौर पर दिल को छू लेने वाली और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने वाली कहानी है ।”

जंगली पिक्चर्स की सीईओ, अमृता पांडे ने कहा, “बबली बाउंसर फ़िल्म के माध्यम से एक प्यारे और दमदार किरदार, बबली की आम जीवन से जुड़ी, प्रेरणादायक और बेहतरीन कहानी को बयां किया गया है। मैं तो यही मानती हूँ कि अमित जोशी, आराधना देबनाथ और मधुर भंडारकर ने पहले कभी नहीं देखी गई इस कहानी को तैयार किया है, जो दिल को छू लेती है। इस फ़िल्म के लिए फॉक्स स्टार स्टूडियोज़, मधुर भंडारकर और तमन्ना भाटिया के साथ मिलकर काम करते हुए हम बेहद उत्साहित हैं ।”

बबली बाउंसर फ़िल्म में बाउंसरों की अनदेखी दुनिया को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया गया है, जिसमें सौरभ शुक्ला के साथ अभिषेक बजाज और साहिल वैद भी अहम किरदार निभाने वाले हैं ।

फॉक्स स्टार स्टूडियोज़ और जंगली पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस की गई फ़िल्म, बबली बाउंसर के निर्देशक मधुर भंडारकर हैं और इसमें तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका निभा रही हैं । कॉन्सेप्ट, कहानी और स्क्रीनप्ले: अमित जोशी, आराधना देबनाथ और मधुर भंडारकर। इस साल के अंत में यह फ़िल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ होगी ।