बीते साल सुष्मिता सेन ने डिज्नी + हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरिज आर्या के साथ अपना कमबैक किया था । इस वेब सीरिज में सुष्मिता को इतना ज्यादा पसंद किया गया कि दर्शक इसके दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार करने लगे । यह कहना गलत नहीं होगा कि वेब सीरिज आर्या के साथ सुष्मिता सेन का कमबैक सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहा । इसलिए डिज्नी + हॉटस्टार और राम माधवानी आर्या के दूसरे सीजन के लिए भी सुष्मिता सेन को ही साइन करना चाहते हैं ।

सुष्मिता सेन अपनी फ़ीस बढ़ाने के मूड में है
लेकिन सुनने में आ रहा है कि सुष्मिता को अब साइन करना मेकर्स के लिए उतना आसान भी नहीं होगा । क्योंकि सूत्रों की मानें तो सुष्मिता अब अपनी फ़ीस बढ़ाने के मूड में है । जो कि सही भी है । आर्या वेब सीरिज पूरी तरह से सुष्मिता की स्टार पावर और उनके करिज्मा पर टिकी हुई है । असल में उन्होंने इसमें आर्या नाम की मुख्य भूमिका निभाई है इसलिए उन्हें भी बॉलीवुड ए-लिस्टर्स के बराबर फ़ीस मिलनी चाहिए ।
जहां एक तरफ़ सुष्मिता अपनी फ़ीस में इजाफ़ा करने की सोच रही हैं वहीं डिज्नी + हॉटस्टार अपनी सबसे महंगी डील्स के फ़्लॉप होने वाले नुकसान की भरपाई करने के लिए कई जगह कटौती करने के मूड में है । इसलिए नहीं की लक्ष्मी बम और कई अन्य बड़ी फ़िल्में फ़्लॉप हो गई, बल्कि अब डिज्नी अपने कंटेंट क्वालिटी पर ज्यादा फ़ोकस करने लग गई है ।
















