सुशांत सिंह राजपूत केस में एक के बाद एक परतें अब खुलती जा रही हैं । जहां कुछ दिन पहले एम्स की फ़ॉरेंसिंक रिपोर्ट में सुशांत के मर्डर एंगल को खारिज कर इसे आत्महत्या का मामला बताया था । वहीं अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी अपनी जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है । ईडी को सुशांत के खाते से मनी लॉन्ड्रिंग या किसी भी संदिग्ध लेनदेन के सबूत नहीं मिले । हालांकि, अकाउंट से हुए छोटे-मोटे ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये ट्रांजैक्शन क्यों और किसे किए गए ? दरअसल सुशांत सिंह राजपूत के पिता के के सिंह ने पटना में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर यह आरोप लगाया था कि उन्होंने सुशांत के अकाउंट से 15 करोड़ रुपयों का गबन किया है । अब सूत्रों की मानें तो ईडी की जांच में कुछ भी संदेहास्पद सामने नहीं आया है ।

सुशांत सिंह राजपूत केस में ईडी को नहीं मिला कोई संदिग्ध लेनदेन
एक अखबार में छपी खबर की मानें तो, सुशांत केस में जांच कर रहे ईडी के सूत्रों का कहना है कि इस केस में कोई भी संदेहास्पद ट्रांजैक्शंस सामने नहीं आए हैं । ईडी का यह भी मानना है कि सुशांत के परिवार को उनकी जमा रकम और संपत्तियों के बारे में कोई खास जानकारी नहीं थी । ईडी पिछले 2 महीनों से सुशांत के बैंक अकाउंट्स और उनकी फाइनैंशल ऐक्टिविटीज की जांच कर रही है । सुशांत केस में मनी लॉन्ड्रिंग के ऐंगल से जांच करने पर भी ईडी के सामने ऐसे कोई ट्रांजैक्शंस सामने नहीं आए हैं । हालांकि ईडी की टीम सुशांत के अकाउंट से हुए कुछ छोटे ट्रांजैक्शंस की अभी भी जांच कर रही हैं । रिपोर्ट में ईडी के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सुशांत के परिवार की ओर से गलतफहमी के चलते आरोप लगाए गए ।
रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर लगाया था धोखाधड़ी और गबन का आरोप
खबरों की मानें तो, ईडी को जांच में पता चला कि सुशांत के बैंक खातों से 2.78 करोड़ रुपए टैक्स (जीएसटी समेत) में दिए गए थे । कुछ छोटी-मोटी रकम अभी भी मिसिंग है, जांच एजेंसी इसका पता लगाने की कोशिशकर रही है । ईडी के सूत्रों ने यह भी बताया कि उन्हें रिया चक्रवर्ती के खाते में सुशांत के अकाउंट से किसी बड़े अमाउंट का सीधा ट्रांजैक्शन नहीं मिला है । जांचकर्ताओं का मानना है कि दोनों के बीच छोटा-मोटा लेनदेन हो सकता है ।
यह भी पढ़ें : सुशांत सिंह राजपूत का मर्डर नहीं हुआ, एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट में आत्महत्या पर लगी मुहर
बता दें कि 25 जुलाई को सुशांत के पिता ने पटना में रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी । सुशांत के पिता केके सिंह ने यह आरोप लगाया था कि रिया व अन्य लोग उनके बेटे के पैसे का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रहे थे । इसी शिकायत में केके सिंह ने आरोप लगया था कि सुशांत के एक अकाउंट में 17 करोड़ रुपये थे जिसमें से एक साल के भीतर ही 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए । इस शिकायत के बाद ईडी ने रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शोविक, पिता इंद्रजीत, मां संध्या, सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा और मैनेजर श्रुति मोदी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज जांच शुरू की थी ।
















