सनी देओल ने फाइनली सस्पेंस खत्म कर दिया है । लंबे समय से ये कहा जा रहा था कि नितेश तिवारी की मेगाबजट फ़िल्म रामायण में सनी देओल हनुमान जी का किरदार निभाने वाले हैं लेकिन न तो मेकर्स की और से न ही एक्टर ने इस पर कोई बयान दिया था । लेकिन अब सनी देओल ने ये कन्फर्म किया है कि, वे नितेश तिवारी की रामायण में हनुमान का रोल प्ले करने वाले हैं ।

CONFIRMED! नितेश तिवारी की मेगाबजट फ़िल्म रामायण में भगवान हनुमान बनेंगे सनी देओल ; “मैंने अभी तक शूटिंग शुरू नहीं की है”

रामायण में हनुमान जी बनेंगे सनी देओल

न्यूज 18 से बातचीत में सनी देओल ने कन्फर्म करते हुए कहा, “मैं रामायण में हनुमान के रूप में काम कर रहा हूं । हां, ये सच है ।” जब सनी देओल से पूछा गया कि क्या वो धार्मिक इंसान हैं ? इसपर उन्होंने अपनी आस्था को लेकर बातें की । उन्होंने कहा, “भगवान को कौन नहीं मानता ? हम हैं ही भगवान की वजह से ।”

जब सनी देओल से पूछा गया कि वह फिल्म में हनुमान के किरदार को कैसे निभाने की योजना बना रहे हैं, तो इस पर उन्होंने कहा, “एक्टर्स के तौर पर हम चुनौतीपूर्ण चीजें पसंद करते हैं क्योंकि यह मजेदार है । हमें किरदार को निभाना है और अपने निर्देशक की बातें सुननी है । मैं खुद को अपने किरदार में डुबो देता हूं ताकि लोग उस पर भरोसा करें । मैंने अभी तक शूटिंग शुरू नहीं की है ।”

फिल्म में इस्तेमाल किए जाने वाले वीएफएक्स और स्पेशल इफेक्ट्स के बारे में बात करते हुए सनी देओल ने आगे कहा, “यह एक साइंस-फिक्शन फिल्म है, जिसमें स्पेशल इफेक्ट्स और बाकी सब कुछ है, जैसे अवतार में इस हिसाब से कुछ किरदार होंगे, लेकिन यह मेगा फिल्मों में से एक होगी ।”

रामायण काफी वक्त से सुर्खियों में बनी हुई है । नितेश तिवारी की मेगाबजट फ़िल्म रामायण में जहां रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, KGF स्टार यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे वहीं सनी देओल हनुमान जी के किरदार में नजर आएंगे ।

500 करोड़ से भी ज्यादा बजट में बनाई जा रही रामायण' फिल्म की रिलीज डेट अभी फाइनल नहीं हुई है, लेकिन मेकर्स ने ये ऐलान कर दिया है कि पहला पार्ट 2026 और दूसरा 2027 में दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा । फिल्म को मधु मंटेना, अल्लू अरविंद और नमित मल्होत्रा मिलकर प्रोड्यूस करेंगे।  रामायण के वीएफएक्स को ऑस्कर विनिंग कंपनी DNEG हैंडल करेगी । यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म जाट के प्रमोशन में बिजी हैं । इस फ़िल्म में उनके साथ रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं ।