एक्टर-प्रोड्यूसर श्वेता त्रिपाठी अपने क्रिएटिव सफर में एक बड़ा कदम बढ़ाने जा रही हैं, अपनी पहली फीचर फिल्म ‘मुझे जान ना कहो मेरी जान' बतौर प्रोड्यूसर अनाउंस करके। यह फिल्म एक समलैंगिक लव स्टोरी होगी, जिसका मकसद रूढ़ियों को तोड़ना और जरूरी बातचीत को बढ़ावा देना है। इस दिल को छूने वाली कहानी में उनकी दोस्त और बेहतरीन एक्ट्रेस तिलोत्तमा शोम भी अहम किरदार में नज़र आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन संजॉय नाग करेंगे और इसकी शूटिंग 2025 के अंत तक शुरू होने की तैयारी में है।

बतौर प्रोड्यूसर श्वेता त्रिपाठी की पहली फिल्म
इस साल की शुरुआत में श्वेता ने बताया था कि उनकी डेब्यू प्रोडक्शन एक समलैंगिक कहानी पर आधारित होगी। अब तिलोत्तमा के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद यह कहानी और भी इमोशनल और असरदार बन गई है। इस फिल्म में दोनों पहली बार साथ में काम करने जा रही हैं।
यह फिल्म श्वेता के पिछले सफल प्रोजेक्ट कॉक के बाद आ रही है, जो एक समलैंगिक थीम पर आधारित नाटक था और पहचान व प्रेम को बेबाकी से दिखाने के लिए खूब सराहा गया था। इसी पॉजिटिव रिस्पॉन्स से उत्साहित होकर श्वेता अब अपने विज़न को सिनेमा की दुनिया में आगे बढ़ाने जा रही हैं।
इस कोलैबरेशन को लेकर अपनी खुशी साझा करते हुए श्वेता त्रिपाठी ने कहा, “यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है, सिर्फ इसलिए नहीं कि यह मेरी पहली फिल्म है बतौर प्रोड्यूसर, बल्कि इसलिए कि यह जो बात कहती है, वह बहुत जरूरी है। समलैंगिक लव स्टोरीज़ को ईमानदारी, खूबसूरती और गहराई से दिखाया जाना चाहिए। तिलोत्तमा का इस प्रोजेक्ट से जुड़ना इसे और खास बनाता है। वह सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर नहीं, बल्कि वह इंसान हैं जिनकी मैं बहुत इज़्ज़त करती हूं और जिन पर मुझे पूरा भरोसा है। हम दोनों लंबे समय से साथ काम करना चाहते थे, और इससे बेहतर प्रोजेक्ट हमारे साथ काम की शुरुआत के लिए हो ही नहीं सकता।”
इस फिल्म के ज़रिए श्वेता उन आवाज़ों को मंच देना चाहती हैं जिन्हें कम सुना गया है और एक ऐसी कहानी सामने लाना चाहती हैं जो नर्म भी हो और बदलाव लाने वाली भी।
















