मोहित सूरी द्वारा निर्देशित और अहान पांडे व अनीत पड्डा अभिनीत फिल्म सैयारा इस शुक्रवार, 18 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। यह एक इंटेंस रोमांटिक ड्रामा है, और ट्रेड सर्किट में उम्मीद की जा रही है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज ओपनिंग दे सकती है । खास बात यह है कि फिल्म के निर्माता यशराज फिल्म्स (YRF) न केवल इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं, बल्कि खुद ही इसका डिस्ट्रीब्यूशन भी संभाल रहे हैं। YRF ने फिल्म की रिलीज स्ट्रैटेजी को लेकर मंगलवार को सभी सिनेमाघरों को दिशा-निर्देश भेज दिए हैं।

सैयारा के सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं होंगे शो
एक एग्ज़िबिशन सोर्स ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “YRF ने सभी थिएटरों से कहा है कि सैयारा के शो सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं शुरू होने चाहिए। साथ ही, 18 जुलाई को रिलीज़ के दिन किसी भी थिएटर में फिल्म के 6 से ज्यादा शो नहीं लगाए जा सकते। हालांकि यह नियम सिर्फ रिलीज़ वाले दिन के लिए है। 19 जुलाई से थिएटर जितने चाहें उतने शो चला सकते हैं ।”
कॉलेज स्टूडेंट्स को लुभाने के लिए YRF की दो खास पेशकशें युवाओं को सिनेमाघरों तक लाने के लिए YRF ने दो खास ऑफर पेश किए हैं। पहला, जो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है – बुकमाईशो पर कोड ‘SAIYAARA’ इस्तेमाल करने पर 50% की छूट मिलेगी। यह छूट कम से कम दो टिकट पर मिलेगी और अधिकतम ₹200 तक की हो सकती है।
दूसरी पेशकश, थिएटरों को निर्देश दिया गया है कि सुबह 9:30 बजे वाला पहला शो ‘स्पेशल प्राइस’ पर रखा जाए, जिससे कॉलेज जाने वाली ऑडियंस को लुभाया जा सके। बाकी सभी शो सामान्य वीकेंड रेट पर होंगे।
एक ट्रेड एक्सपर्ट ने कहा, “पहले दिन सिर्फ छह शो रखने से हर शो की ऑक्यूपेंसी बेहतर होगी। साथ ही, भारत में लोग कीमत को लेकर काफी सजग रहते हैं, इसलिए BookMyShow का यह ऑफर दर्शकों को आकर्षित करेगा । खासकर अगर कोई दर्शक इस डिस्काउंट को सुबह के ‘स्पेशल प्राइस’ वाले शो के साथ इस्तेमाल करे, तो उसे फिल्म बहुत ही कम कीमत पर देखने को मिल सकती है। पहले के दिनों में सुबह के शो युवा वर्ग से भरे रहते थे, लेकिन महामारी के बाद यह ट्रेंड फीका पड़ गया था। उम्मीद है कि सैयारा इस ट्रेंड को फिर से जिंदा करेगा।”
गौरतलब है कि सैयारा हाल के दिनों में दूसरी ऐसी फिल्म है, जिसने रिलीज़ के दिन दर्शकों को लुभाने के लिए इनोवेटिव अप्रोच अपनाई है। इससे पहले जून में रिलीज हुई आमिर खान की सितारे ज़मीन पर ने भी अनोखी रणनीति अपनाई थी – जिसमें पहले दिन सुबह 11 बजे से पहले कोई शो नहीं था और 11 बजे से 5 बजे तक सिर्फ चार शो चलाने की अनुमति दी गई थी ।
यानी, सैयारा न सिर्फ कंटेंट के लिहाज़ से, बल्कि मार्केटिंग और रिलीज प्लानिंग में भी दर्शकों को कुछ नया देने की कोशिश कर रही है ।
















