2 अक्टूबर को दशहरे के दिन बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फ़िल्मों में टकराव देखने को मिलेगा एक तरफ़ पैन इंडिया फ़िल्म कांतारा का प्रीक्वल, कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 और दूसरी तरफ़ कारण जौहर की सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी । क्योंकि दोनों ही बड़ी फ़िल्में हैं ऐसे में दोनों फ़िल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस क्लैश और स्क्रीन शेयरिंग की जंग अब और तेज़ हो गई है। पहले शो की शुरुआत में अब सिर्फ़ 40 घंटे से भी कम का समय बचा है और सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स में कब्ज़े की लड़ाई सबसे ज़्यादा तगड़ी हो चुकी है।

दशहरा रिलीज कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 v/s सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के बॉक्स ऑफिस क्लैश में स्क्रीन शेयरिंग को लेकर जंग तेज ; वरुण धवन से आगे निकले ऋषभ शेट्टी

कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 v/s सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी

बॉलीवुड हंगामा को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, अनिल थड़ानी की AA Films (कांतारा के डिस्ट्रीब्यूटर) ने CP टेरिटरी में 260 सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स से डील की है । समझौते के मुताबिक, इन थिएटर्स में 100% शो सिर्फ़ ऋषभ शेट्टी स्टारर कांतारा को दिए जाएंगे, यानी शो शेयरिंग बिल्कुल नहीं होगी।

वहीं दूसरी तरफ़, धर्मा प्रोडक्शंस की इन-हाउस डिस्ट्रीब्यूशन टीम ने पूरी कोशिश के बावजूद अब तक सिर्फ़ 4 सिंगल-स्क्रीन्स हासिल किए हैं और वो हैं- फन सिनेमाज़ सरोज टॉकीज़ (अमरावती), न्यू रीगल सिनेमा (अकोला), लिबर्टी सिनेमा (नागपुर), कमल सिनेप्लेक्स (नागपुर) ।  टीम की कोशिश है कि आने वाले समय में और थिएटर्स में जगह बनाई जाए, चाहे सभी शो न सही, कम से कम एक-दो शो ही मिल जाएं।

CP बरार सर्किट में महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ शामिल हैं, जहाँ करीब 275 सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह लगातार दूसरी बार है जब वरुण धवन की फ़िल्म को इस सर्किट में सिंगल-स्क्रीन्स पर ‘स्टेप-मदरली ट्रीटमेंट’ मिला है। उनकी पिछली फ़िल्म बेबी जॉन (2024) भी यहाँ सिर्फ़ 4 सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स में रिलीज़ हुई थी। उस समय इसकी वजह पुष्पा 2 और मुफ़ासा: द लॉयन किंग जैसी बड़ी रिलीज़ और डिस्ट्रीब्यूशन स्ट्रैटेजी को माना गया था।

एक ट्रेड एनालिस्ट ने कहा, “धर्मा अपनी पूरी कोशिश कर रहा है। भले ही सिंगल-स्क्रीन्स पर जगह कम मिली हो, लेकिन मल्टीप्लेक्स में सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी को पर्याप्त शो मिलेंगे। ऐसे में फ़िल्म के हिट होने और मुनाफ़ा कमाने की पूरी संभावना है।”