भारत में शादियाँ हमेशा से एक उत्सव और जुनून का हिस्सा रही हैं। हर लड़की की उम्र पर समाज की घड़ी की टिक-टिक सुनाई देने लगती है और परिवार का दबाव एक अलग ही कहानी कहता है। इन्हीं हालातों पर कटाक्ष करती है स्टार स्टूडियो18 और एलेमेन3 एंटरटेनमेंट की नई फिल्म सिंगल सलमा, जिसका ट्रेलर अब दर्शकों के सामने आ चुका है। यह फिल्म शादी के दबाव को हंसी-ठिठोली और दिलचस्प घटनाओं के जरिए पर्दे पर पेश करने वाली है।

सिंगल सलमा का ट्रेलर हुआ रिलीज़
फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि 33 वर्षीय सलमा रिज़वी (हुमा कुरैशी) अब अरेंज मैरिज के ज़रिए बसना चाहती हैं। उनकी मुलाक़ात सिकंदर (श्रेयस तलपड़े) से होती है और शादी की तैयारियाँ शुरू हो जाती हैं। लेकिन इसी दौरान सलमा की ज़िंदगी मोड़ लेती है, जब लंदन में उनकी मुलाक़ात मीट (सनी सिंह) से होती है। अब कहानी बनती है दो संस्कृतियों, दो शहरों और दो बारातों की भिड़ंत की, जो अंत में पहुंचती है एक अविस्मरणीय शादी की रात तक। लेकिन असली सवाल यही है सलमा का रिश्ता कौन बदलेगा?
फिल्म का निर्माण आलोक जैन, अजीत आंधरे, साकिब सलीम, एलेमेन3 एंटरटेनमेंट, लालालैंड एंटरटेनमेंट और फिरोज़ी खान ने मिलकर किया है। इसमें हुमा कुरैशी, सनी सिंह और श्रेयस तलपड़े अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
कॉमेडी और ड्रामा के संगम वाली सिंगल सलमा भारतीय शादी के सामाजिक दबावों पर एक मनोरंजक टिप्पणी पेश करने का वादा करती है। दर्शकों को यह तय करने के लिए सिनेमाघरों का रुख करना होगा कि सलमा का दूल्हा कौन होगा। यह फिल्म 31 अक्टूबर 2025 को बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी।
















