
जब से सोनू निगम ने लाउडस्पीकर से दी जाने वाली अजान को लेकर बयान दिया है तब से सोनू निगम चर्चा का विषय बन गए हैं । आपको बता दें कि सोनू निगम ने सुबह-सुबह ट्वीट कर कहा था कि, लाउडस्पीकर से दी जाने वाली अजान से उनकी नींद खराब होती है और जब वह मुस्लिम नहीं हैं तो वह इस धार्मिक कट्टरता को क्यों बर्दाश्त करें, ऐसा करना तो सरासर गुंडागर्दी है । इसके बाद सोनू निगम न केवल मीडिया बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गए ।
सोनू निगम द्वारा अजान से सुबह-सुबह नींद में खलल पड़ने पर किए गए ट्वीट्स ने एक विवाद खड़ा कर दिया है । पश्चिम बंगाल माइनॉरिटी यूनाइटेड काउंसिल के वाइस प्रेसीडेंट सैयद शा कादिरी ने सोनू निगम के खिलाफ एक फतवा जारी किया है । कादिरी ने कहा है जो भी सोनू को गंजा करेगा और पुराने जूतों की माला पहनाएगा वे उसे 10 लाख का इनाम देंगे ।
आम तौर पर, ऐसी 'चुनौतियां' अनदेखी या अविवादित हो जाती हैं । लेकिन, सोनू निगम के केस में ऐसा नहीं हुआ । सोनू ने सोशल मीडिया पर ही इस चुनौती को स्वीकार करते हुए लिखा कि, वो अपना सिर खुद ही गंजा कर देंगे । आज दोपहर 2 बजे आलिम आएगा और मेरा सिर मुंडेगा । अपने 10 लाख रुपये तैयार रखो मौलवी । इसके अलावा सोनू ने अपने अगले ट्वीट में प्रैस को भी इसके लिए निमंत्रण दे दिया है ।
















