लेटेस्ट टीवीएफ़ की कार्य स्थल पर यौन उत्पीडन की घटना के बाद, अब एक और यौन उत्पीड़न की घटना ने सब को हैरान कर दिया है और ये घटना कहीं और से नहीं बल्कि फ़िल्म जगत से आ रही है । कंगना रानौत अभिनीत फ़िल्म क्वीन के निर्देशक विकास बहल पर यौन उत्पीडन का आरोप लगाया गया है । निर्देशक-निर्माता पर यौन उत्पीड़न का ये आरोप उनकी एक महिला कर्मचारी ने लगाया है । हालांकि विकास अपने ऊपर लगे ये सभी आरोपों का, सिरे से खंडन कर रहे हैं, लेकिन पता चला है कि उन्हें कथिततौर पर, फ़ैंटम फिल्म प्रोडक्शन, जिसके वह पार्टनर हैं, से बाहर का रास्ता दिखा दिया है ।

ये खबर सुनकर बेहद दुख हुआ कि उस निर्देशक पर यौन उत्पीडन क आरोप लगाया गया जिसने कुछ समय पहले महिला केंद्रित फ़िल्म क्वीन बनाई थी और इस फ़िल्म ने ही कंगना को एक बड़ा स्टार बना दिया था । दरअसल, विकास बहल ने नशे की हालत में कुछ महीनों पहले गोवा ट्रिप के दौरान अपनी फैंटम फिल्म्स महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ की थी । सुनने में आया है कि पीड़िता ने फैंटम फिल्म्स के तीनों मालिकों अनुराग कश्यप, मधु मंटेना और विक्रमादित्य मोटवानी के खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद, पीड़िता ने रिलायंस एंटरटेनमेंट से संपर्क किया जो फ़ैंटम फ़िल्म्स के साथ साझेदारी रखता है । बहरहाल अब इस मामले की जांच के लिए एक कमिटी बनाई गई है ।

वास्तव में, रिपोर्ट बताती है कि इस शिकायत के चलते विशाका समिति की स्थापना हुई ताकि उनकी शिकायत सुनाई जा सके । एक अखबार के मुताबिक, फ़ैंटम के एक साझेदार ने बताया कि विकास बहल पिछले कुछ वक्त से खराब बर्ताव कर रहे हैं लेकिन इस बार प्रोडक्शन हाउस के मालिकों को कठोर एक्शन लेने के लिए मजबूर होना पड़ा । उन्होंने आगे बताया कि विकास के खिलाफ़ जांच के बाद कड़ा रुख अपनाने का फ़ैसला किया गया है और विकास से फ़ैंटम फ़िल्म्स से अपना पद त्यागने के लिए कहा गया है जो 28 मार्च से प्रभावी है ।

वहीं दूसरी तरफ़, इस प्रोडक्शन हाउस की एक मालिक मधु मंटेना अपने दोस्त विकास के समर्थन में उतरी हैं और उन पर लगे सभी आरोपों को नकार रही हैं और इन दिनों विकास खुद दिल्ली में अपनी बीमार मां के साथ समय बिता रहे हैं । स्पष्ट रूप से सभी अटकलें और रिपोर्टों को खारिज करते हुए विकास ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि, 'ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है । मैं अभी भी कंपनी चला रहा हूं । ना ही इस तरह की

कोई शिकायत एचआर में की गई और ना ही इस तरह की कोई कमिटी है । और जिस लड़की की बात आप कर रहे हैं कि मैंने उसके साथ गोवा में जबरदस्ती की वो मेरी कर्मचारी भी नहीं है । हां, हम अच्छे दोस्त हैं और साथ में काम किया है । मैं उससे पूछना चाहूंगा कि क्या मैंने कभी अपनी सीमा लांघी ? अगर उसे ऐसा लगता है तो मैं उसके साथ बैठूंगा और उससे बात करूंगा । अगर उसे दुख पहुंचा है मेरी वजह से या मेरी किसी बात से तो मैं उससे माफी मांगूंगा । मुझे ऐसा लगा रहा कि मैं ही पीड़ित बन गया हूं ।'

आपको याद हो तो, कल कथित छेड़छाड़ की घटना तेजी से जोर पकड़ रही थी । इसी मामले पर नाम ना बताने की शर्त पर एक साझेदार ने बताया कि ऐसे एक दो नहीं बल्कि तीन पीड़ित हैं जिनकी बात सामने आई है और एक लड़की के साथ विकास बहल ने तब जबरदस्ती करने की कोशिश की जब कुछ महीने पहले वो गोवा गए थे । विकास बहल पिछले कुछ वक्त से खराब बर्ताव कर रहे हैं लेकिन इस बार प्रोडक्शन हाउस के मालिकों को कठोर एक्शन लेने के लिए मजबूर होना पड़ा ।