कुछ बॉलीवुड फ़िल्में करने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाना करीमी ने अपने बॉयफ़्रेंड गौरव गुप्ता के साथ सगाई की खबर और उसके बाद शादी की खबर का खुलकर ऐलान किया और जिसे बयां कर उनकी खुशी साफ़-साफ़ देखी जा सकती थी । लेकिन उनकी ये खुशी शादी के महज पांच महीने में ही चकनाचूर हो गई । हाल ही में मंदाना करीमी ने अपने पति गौरव गुप्ता पर घरेलु हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है ।

इस बारें में खुलासा करते हुए ईरानी मॉडल से अभिनेत्री बनी मंदाना ने न केवल अपने पति पर घरेलु हिंसा का आरोप लगाया है बल्कि उन्होंने अपनी सास के खिलाफ भी उत्पीड़न की शिकायत दर्ज की है । परिवार के खिलाफ याचिका दाखिल करते समय, उन्होंने अपनी याचिका में गुजारा भत्ता के लिए 10 लाख रुपये की मांग की है । साथ ही करियर, कारोबार को हुए नुकसान और उनकी वजह से हुई मानसिक पीड़ा के लिए 2 करोड़ रुपये की मांग की है ।

अपनी याचिका में, मंदाना ने घरेलू हिंसा की घटनाओं के बारे में बात की, जहां उन्होंने बताया कि गुप्ता परिवार उन्हें न केवल उनका बना हुआ एक्टिंग करियर छोड़ने के लिए उन पर दवाब बना रहा था बल्कि उनके पति ने उन्हें हिंदू धर्म अपनाने के लिए भी जोर डाला । मंदाना ने बताया कि उन्हें ससुराल से सात हफ्ते पहले बाहर कर दिया गया था । उन्होंने बताया कि गौरव के साथ सुलह करने की उन्होंने कई बार कोशिशें की लेकिन उनके ससुरालवालों ने उन्हें वापस आने नहीं दिया और गौरव ने उन्हें घर के अंदर आने से भी रोक दिया । बहरहाल अब मामला कोर्ट पहुंच चुका है । उनके वकील, मधुकर दलवी ने कहा कि यह मामला अभी अदालत में है ।

बता दें कि मंदाना करीमी ने इसी साल 25 जनवरी 2017 को अपने बिजनसमैन बॉयफ्रेंड गौरव गुप्ता से शादी की थी । दोनों की शादी काफी शाही तरीके से हुई थी । मंदाना 'बिग बॉस' के अलावा क्या कूल हैं हम और रॉय जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं ।