बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा इन दिनों 60 करोड़ की धोखाधड़ी को लेकर मुश्किल में फंसे हुए हैं । हाल ही में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था । इस विवाद के बीच, शिल्पा शेट्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अनाउंसमेंट की है कि उनका मुंबई के बांद्रा स्थित स्थित रेस्टोरेंट बास्टियन अब बंद हो रहा है । मुंबई का फेमस रेस्तरां बास्टियन बांद्रा 2016 में लॉन्च हुआ यह मुंबई की नाइटलाइफ का अहम हिस्सा माना जाता था ।

शिल्पा शेट्टी ने बंद किया अपना रेस्तरां बास्टियन
शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 2015 से 2023 के बीच एक लोन-कम-इन्वेस्टमेंट डील में 60 करोड़ रुपये से ज़्यादा की धोखाधड़ी का आरोप है । शिल्पा ने एक भावुक नोट लिखकर बताया कि गुरुवार को रेस्टोरेंट का आखिरी वर्किंग डे होगा । शिल्पा शेट्टी ने बास्टियन बांद्रा के बारे में इमोशनल होते हुए लिखा, “इस गुरुवार को एक युग का अंत हो रहा है, क्योंकि हम मुंबई के सबसे आइकॉनिक डेस्टिनेशन में से एक बास्टियन बांद्रा को विदाई दे रहे हैं । एक ऐसी जगह जिससे हमारी अनगिनत यादें, कभी न भूलने वाली रातें जुड़ी हैं । इसने हमें ऐसे पल दिए, जिन्होंने शहर की नाइटलाइफ को आकार दिया, अब अंतिम विदाई ले रहा है । इस लेजेंड्री जगह को सम्मान देने के लिए, हम अपने सबसे करीबी पार्टनर के लिए एक बहुत ही खास शाम का आयोजन कर रहे हैं । एक ऐसी रात जो पुरानी यादों, एनर्जी और मैजिक से भरी होगी, जिसमें बास्टियन के लिए आखिरी बार सब कुछ मनाया जाएगा । जहां हम बास्टियन बांद्रा को अलविदा कहते हैं, वहीं हमारा गुरुवार रात का ये रिचुअल आर्केन अफेयर अगले हफ्ते बास्टियन एट द टॉप में जारी रहेगा, जो नए अनुभवों के साथ एक नए अध्याय में इस विरासत को आगे बढ़ाएगा ।”
![]()
गौरतलब है कि, शिल्पा और रंजीत बिंद्रा की पार्टनरशिप में शुरू हुआ यह रेस्टोरेंट समय के साथ मुंबई का हॉटस्पॉट बन चुका था । खासकर सी-फूड के लिए मशहूर बास्टियन सिर्फ खाने का अड्डा नहीं, बल्कि फिल्मी सितारों और बिजनेस जगत की बड़ी हस्तियों की मुलाकातों का केंद्र बन गया था।
60 करोड़ की धोखाधड़ी के विवाद की बात करें तो, आर्थिक अपराध शाखा ने मुंबई स्थित व्यवसायी दीपक कोठारी से 60.4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है । यह मामला एक लोन-कम-इनवेस्टमेंट डील से जुड़ा हुआ है । शिकायतकर्ता दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने उन्हें 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी में फंसा दिया । यह मामला कपल की बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा हुआ है । कोठारी के अनुसार, उन्होंने यह रकम 2015 से 2023 के बीच बिजनेस विस्तार के नाम पर निवेश की थी, लेकिन यह पैसा कथित तौर पर निजी खर्चों के लिए इस्तेमाल किया गया । अब आर्थिक अपराध शाखा इस मामले की जांच कर रही है ।
















