आनंद एल राय की बहुप्रतिक्षित फ़िल्म जीरो की शुरूआत में फ़िल्म के क्रेडिट टाइटल की कास्ट एंड क्रू क्रेडिट लिस्ट में शाहरुख खान का नाम तीसरे नंबर पर आएगा । शाहरुख खान के नाम से पहले फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ़ का नाम पहले शो होगा ।

शाहरुख खान के नाम से पहले अनुष्का-कैटरीना का नाम आएगा
ये सब कुछ शाहरुख की 'लेडीज फ़र्स्ट' पॉलिसी के तहत होगा । दर असल शाहरुख ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 'लेडीज फ़र्स्ट' पॉलिसी को अपनाया था जिसके तहत उनकी फ़िल्म में क्रेडिट लिस्ट में उनके नाम से पहले उनकी साथी अभिनेत्री का नाम पहले आए । और अब जीरो के लिए भी शाहरुख अपनी इसी पॉलिसी पर कायम है । और इसलिए उनके नाम से पहले अनुष्का और कैटरीना का नाम पहले आएगा ।
इस बारें में बात करते हुए फ़िल्म के निर्देशक आनंद एल राय कहते हैं कि, ''इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता है कि फ़िल्म में 1 या 2 या 5 हिरोईन है ।जब खान साब ने कह दिया कि 'लेडीज फ़र्स्ट" तो वो जीवनभर के लिए हो गया, न कि थोड़े समय के लिए सुर्खियों में आने के लिए । वह हमारे देश में वास्तव में एक उदार पुरुष है ।''
















