
साल की शुरूआत के साथ ही शाहरुख खान ने अपनी फ़िल्म रईस का प्रमोशन जोर-शोर से शुरू कर दिया था । शाहरुख ने रईस का प्रमोशन करने का एक अलग ही रास्ता अपनाया । इसलिए शाहरुख ने रईस का प्रमोशन करने के लिए मुंबई से दिल्ली तक का सफ़र ट्रेन से तय किया और इस दौरान वड़ोदरा रेलवे स्टेशन पर एक आदमी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी ।
रईस के प्रमोशन के लिए शाहरुख मुंबई से दिल्ली अगस्त क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे और उसी दौरान शाहरुख खान कि एक झलक पाने के लिए वडोदरा रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ में फहरीद खान पठान की 23 जनवरी को दिल का दौरा पड़ने मौत हो गई थी । हालांकि शाहरुख इस दुखद घटना से काफ़ी दुखी हुए । इसके बाद, अधिवक्ता और कार्यकर्ता आभा सिंह ने 10 फरवरी को शहर में जीआरपी अधिकारियों से मुलाकात करके उनसे शाहरुख खान तथा फिल्म के प्रचार का जिम्मा संभालने वाली कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था । इसके बाद में, युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने 17 फरवरी को स्थानीय अदालत में आवेदन देकर पुलिस को शाहरुख के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की थी । और इसी के बाद, 2 मार्च को एक न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने यहां राजकीय रेलवे पुलिस को 45 दिन के भीतर इस घटना की जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया था ।
अब इस मामले में सुनने में आया है कि शाहरुख खान, जो रईस के सह-निर्माता भी थे, को एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराने के लिए सम्मन भेजा गया है । पुलिस उपाधीक्ष रेलवे ने तरुण भनोट ने कहा है कि हमने शाहरुख और फिल्म के सह निर्माता एक्सेल एंटरटेनमेंट को सम्मन जारी किया है जिन्होंने एक ट्रेन में फिल्म के प्रचार के लिए रेलवे से अनुमति मांगी थी । हमने उन्हें अपने बयान सौंपने के लिए सात दिन का वक्त दिया है ।
तरुण भनोट के अनुसार, खान को सलाह दी जाती है कि वह पुलिस के सामने एक सप्ताह में पेश होकर अपना पक्ष रखें । इससे पहले भी हमने एक्सेल के अधिकारियों को सम्मन भेजे थे ।
लेकिन व्यक्तिगत रूप से पेश होने के बजाय उन्होंने अपने वकील भेजे जिसे अनुमति नहीं है । सिफारिश की जाती है कि दोनों पक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपने बयान दें । अगर वे इसका अनुपालन नहीं करते हैं तो हम अदालत को इसकी जानकारी देंगे और आदेश के अनुसार कार्रवाई करेंगे ।
राहुल ढोलकिया द्दारा निर्देशित फ़िल्म रईस में शाहरुख खान के अलावा माहिरा खान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में नजर आए थे ।
















