बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए साल 2023 की शुरुआत काफ़ी धमाकेदार हुई क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर शाहरुख खान की पठान ने 500 करोड़ रू का आँकड़ा पार कर लिया वहीं ओवरसीज़ मार्केट में भी फ़िल्म 1000 का आँकड़ा पार करने में क़ामयाब हुई । यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स की पठान ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी । पठान जहां अपनी स्टारकास्ट शाहरुख खान, जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण और अपने एक्शन व ओरिजनल कहानी को लेकर लोगों के बीच लोकप्रिय हुई वहीं फ़िल्म में टाइगर के रूप में सलमान ख़ान का कैमियो पठान को नेक्स्ट लेवल पर ले गया । इसके बाद से ही लोग शाहरुख और सलमान खान को एक साथ फ़ुल-फ़्लैज़्ड फ़िल्म में देखने की डिमांड करने लगे । और लोगों की भारी डिमांड पर यशराज फिल्म्स ने अपने स्पाई यूनिवर्स को आगे बढ़ाते हुए शाहरुख और सलमान संग एक और स्पाई थ्रिलर फ़िल्म प्लान की-टाइगर वर्सेस पठान । इस फ़िल्म में पहली बार शाहरुख और सलमान खान के बीच एपिक मुक़ाबला देखने को मिलेगा । और इस फ़िल्म को पठान के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट करने वाले हैं । और अब बॉलीवुड हंगामा को टाइगर वर्सेस पठान के बजट को लेकर एक और लेटेस्ट अपडेट मिली है ।

सलमान खान और शाहरुख खान की टाइगर वर्सेस पठान
बॉलीवुड हंगामा फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र नेटाइगर वर्सेस पठान के हैरान करा देने वाले बजट के बारे ने बताया है । सूत्र ने हमें बताया, “यह फिल्म बहुत बड़े पैमाने पर बनाई जाने वाली है इसलिए इसका बजट भी काफ़ी ज्यादा होगा । आदित्य चोपड़ा और उनकी टीम ने टाइगर वर्सेस पठान का बजट 300 करोड़ रू तय किया है । इस बजट में स्टार फीस शामिल नहीं है क्योंकि सलमान और शाहरुख दोनों ने प्रॉफिट शेयर का विकल्प चुना है ।”
सूत्र ने आगे कहा, “इसका मतलब है कि टाइगर वर्सेस पठान की लागत पठान और टाइगर 3 की तुलना में काफ़ी ज्यादा होगी । इसका मतलब यह भी है कि टाइगर वर्सेज़ पठान बॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में से एक होगी ।”
फ़िल्म इंडस्ट्री के अंदरूनी सूत्र ने टाइगर वर्सेस पठान के इस हैरान करा देने वाले बजट के बारे में कहा, “यह आंकड़ा बिल्कुल उचित है । पठान ने दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ से ज्यादा और टेलीविजन और डिजिटल अधिकारों की बिक्री के माध्यम से एक अच्छा मुनाफ़ा भी कमाया है । टाइगर वर्सेस पठान के जाहिर तौर पर पठान से ज्यादा कमाई करने के पूरे चांस हैं। इसके अलावा, आदित्य चोपड़ा और सिद्धार्थ आनंद को एक्शन, वीएफएक्स आदि को बढ़ाना होगा और इसके लिए पैसे की आवश्यकता होगी । इसमें कोई शक नहीं है कि टाइगर वर्सेज़ पठान वास्तव में एक शानदार सिनेमाई अनुभव होगा ।”
















