
शाहरुख खान इन दिनों अपनी बहुप्रतिक्षित फ़िल्म रईस की तैयारियों में जुटे हुए हैं । हाल ही में रईस का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे खूब सराहना मिली । पहले यह फ़िल्म 26 जनवरी को रिलीज होने वाली थी लेकिन जब फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज किया उसी के साथ इसकी नई रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया और अब यह फ़िल्म अपनी निर्धारित रिलीज डेट के एक दिन पहले यानी 25 जनवरी 2017 को रिलीज होगी ।
रिलीज से पहले, शाहरुख खान ने राजनीतिक पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे से उनके घर पर रविवार के दिन अपनी फ़िल्म रईस की रिलीज और उसके प्रमोशन के सिलसिले में बात करने के लिए मुलाकात की ।
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के बाद, फ़िल्म इंडस्ट्री में पाकिस्तानी कलाकारों को काम न देने की बात उठी और इसी के चलते करण जौहर की फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल को फ़िल्म में पाकिस्तानी कलाकार फ़वाद खान की मौजूदगी के कारण रिलीज होने में काफ़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था । लेकिन फ़िर बाद में ये निष्कर्ष निकाला गया कि जब तक दोनों देशों के संबंधों में कुछ सुधार नहीं हो जाता तब तक किसी भी पाकिस्तानी कलाकार को भारतीय फ़िल्म उद्योग में काम नहीं दिया जाएगा ।
अब जबकि शाहरुख खान की फ़िल्म रईस में भी एक पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान नजर आएंगी, इसलिए शाहरुख खान अपनी फ़िल्म के विरोध में किसी भी प्रकार के विवाद और विरोध प्रदर्शन में नहीं फ़ंसना चाहते और इसीलिए वे राज ठाकरे से मिलने उनके घर पहुंचे । यह भी सुनने में आया है कि माहिरा खान फ़िल्म को प्रमोट भी नहीं करेंगी ।
निर्देशक राहुल ढोलकिया द्दारा निर्देशित फ़िल्म रईस में शाहरुख खान, नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 25 जनवरी 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसी के साथ ह्रितिक रोशन की आगामी फ़िल्म काबिल भी इसी दिन रिलीज होगी ।
















