कोरोना वायरस पूरी दुनिया पर कहर बनकर टूट रहा है  जिसके चलते पूरे देश की अर्थव्यवस्था भी डगमगा गई है । ऐसे में कोरोना वायरस से निपटने के लिए अलग-लगर तरह से मदद के हाथ बढ़ाए जा रहे हैं । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए सभी देशवासियों से प्रधानमंत्री सहायाता कोष में कोरोना के खिलाफ जंग में दान देने की भी अपील की है । प्रधानमंत्री की अपील पर देश के लगभग हर बड़े क्षेत्र के दिग्गजों ने आगे बढ़कर कोविड-19 से निपटने में अपना योगदान दिया । और अब बॉलीवुड के किंगखान यानी शाहरुख खान ने भी कोरोना से निपटने के लिए अपना किंगसाइज योगदान दिया है । शाहरुख खान ने अपनी आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स, एंटरटेनमेंट कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और रेड चिलीज वीएफएक्स और एनजीओ मीर फाउंडेशन द्दारा मदद के लिए हाथ बढ़ाया है ।

शाहरुख खान ने कोरोना से फ़ाइट के लिए ‘किंग’ की तरह दिल खोलकर दिया दान, डिटेल में दी जानकारी

शाहरुख खान की सभी कंपनियां मदद के लिए आगे आईं

कोरोना से लड़ी जा रही इस जंग में शाहरुख ने अपना योगदान देने का ऐलान किया । शाहरुख ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “इस समय जो आपके लिए बिना थके काम कर रहे हैं, शायद आप उन्हें ना जानते हो, फिर भी आप उनको अकेला महसूस न होने दें । हम ये सुनिश्चित करें कि हम एक-दूसरे का ध्यान रखें । पूरा देश और सभी भारतीय एक परिवार की तरह हैं ।”

शाहरुख ने कई संस्थाओं को डोनेशन देने का ऐलान किया है

शाहरुख अपनी सभी कंपनियों- आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स, एंटरटेनमेंट कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और रेड चिलीज वीएफएक्स और एनजीओ मीर फाउंडेशन के द्दारा इस नेक काम में मदद के लिए हाथ बढ़ाया है । शाहरुख ने पीएम सीएम केयर्स फंड में दान करने के अलावा और भी कई संस्थाओं को डोनेशन देने का ऐलान किया है । उनके इस नेक काम के लिए उनके फैंस और बॉलीवुड सितारे सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते हुए लगातार ट्वीट कर रहे हैं । इसी के साथ शाहरुख ने डिटेल में समझाते हुए अपने योगदान का विवरण दिया कि उनकी कौनसी कंपनी किस तरह से लोगों की मदद करेगी ।

डिटेल में दी जानकारी

1. पीएम-केयर्स फंडः शाहरुख, गौरी खान, जूही चावला और जय मेहता की आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स पीएम केयर्स फंड में दान करेगी ।

2. महाराष्ट्र सीएम रिलीफ फंडः गौरी खान और शाहरुख की एंटरटेनमेंट कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट महाराष्ट्र सीएम रिलीफ फंड में दान करेगी ।

3. पीपीई किट्सः कोलकाता नाइटराइडर्स और मीर फाउंडेशन मिलकर पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में हेल्थ वर्कर्स को 50000 पीपीई किट उपलब्ध कराएंगे ।

4. एक साथ-द अर्थ फाउंडेशनः मीर फाउंडेशन, एक साथ-द अर्थ फाउंडेशन के साथ मिलकर मुंबई में लगभग 5,500 परिवारों को एक महीने तक खाना देंगे। इसके साथ एक किचन भी बनाया जाएगा, जहां लगभग 2000 ऐसे लोगों के लिए खाना बनेगा जिनके पास खाना पहुंच नहीं पाता है ।

5. रोटी फाउंडेशनः मीर फाउंडेशन, रोटी फाउंडेशन के साथ मिलकर प्रति दिन 10000 लोगों के लिए एक महीने के लिए तीन लाख मील किट्स उपलब्ध कराएगा ।

6. वर्किंग पीपल्स चार्टरः मीर फाउंडेशन इनके साथ मिलकर दिल्ली में 2,500 मजदूरों को कम-से-कम एक महीने तक जरूरी ग्रोसरी आइटम्स देगा ।

7. एसिड अटैक सर्वाइवर्स के लिएः मीर फाउंडेशन यूपी, बिहार, वेस्ट बंगाल और उत्तराखंड की 100 एसिड अटैक सर्वाइवर्स को मासिक भत्ता देगा और उनकी बुनियादी जरूरतों का ख्याल रखेगा ।

अन्य सितारे भी मदद के लिए आगे आए

बता दें कि, कोरोना वायरस के कारण पैदा हुई मुश्किल की घड़ी में हर कोई बढ़ चढ़कर दान कर रहा है । अक्षय कुमार ने देश की मदद के लिए 25 करोड़ रुपये दान किए हैं, जबकि सलमान खान ने 25000 दिहाड़ी मजदूरों की देखभाल का जिम्‍मा लिया है । इसके अलावा कई बॉलीवुड सितारों ने कोरोना से निपटने का संकल्प लिया है ।