एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज ने हाल ही में ऐलान किया कि एकेडमी ने 487 नए सदस्यों को इसमें शामिल होने के लिए न्यौता भेजा है। एकेडमी ने जिन नए 487 नए सदस्यों को शामिल किया है, उनमें 11 भारतीय दिग्गज भी शामिल हैं। लिस्ट में ब्लॉकबस्टर फिल्म आरआरआर के निर्देशक एसएस राजामौली, बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी और रितेश सिधवानी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं, जिन्हें एकेडमी ने नए सदस्यों के रूप में जोड़ा गया है।

एकेडमी में शामिल होने के लिए मिला इन्विटेशन
मंगलवार को, ऑस्कर पुरस्कारों के पीछे के ऑर्गनाइजेशन ने ऐलान किया कि उन्होंने कई भारतीय फिल्म निर्माताओं और सितारों को भी इस लिस्ट में शामिल किया है। ऑर्गनाइजेशन ने घोषणा की कि उन्होंने रिप्रिजेंटेशन, इन्क्लूजन और समानता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के साथ 'प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन' के आधार पर नए सदस्यों को चुना है। इस साल के नए सदस्यों में 19 विजेता भी शामिल हैं।
एकेडमी ने नई सदस्यों के रूप में 11 सदस्य भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जोड़े हैं। इनमें दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी, आरआरआर के निर्देशक एसएस राजामौली, विलेज रॉकस्टार्स डायरेक्टर रीमा दास, आरआरआर की कॉस्ट्यूम डिजाइनर रामा राजामौली, गंगूबाई काठियावाणी की कॉस्ट्यूम डिजाइनर शीतल शर्मा, टू किल ए टाइगर डायरेक्टर निशा पाहुजा, गली बॉय के को-डायरेक्टर रितेश सिधवानी, अमंग द बिलीवर्स डायरेक्टर हेमल त्रिवेदी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
रितेश सिधवानी को गली बॉय और दिल चाहता है जैसी फिल्मों में उनके काम के लिए प्रेस्टिजियस एकैडमी में शामिल होने के लिए इन्वाइट किया गया है। बता दें कि यह चार सालों में इन्विटेशन की सबसे बड़ी संख्या है। प्रेस्टिजियस एकैडमी में शामिल होने के लिए 487 फिल्म प्रोफेशनल्स को इन्वाइट किया गया है। ऐसे में यह प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी के लिए बहुत सम्मान की बात है, जिन्होने अपने योगदान के जरिए भारत की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत किया है।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर के तले, रितेश सिधवानी ने दर्शकों को लगातार दमदार और प्रभावशाली कहानियां दी हैं। जाने माने प्रोड्यूसर ने "दिल चाहता है", "जिंदगी ना मिलेगी दोबारा", "फुकरे", "डॉन 3", "दिल धड़कने दो", "रईस", "तलाश", "लक्ष्य", "गली बॉय" ," और "मडगांव एक्सप्रेस," जैसी कई फिल्में प्रोड्यूस की हैं।
रितेश सिधवानी ने देश के टॉप प्रोड्यूसर्स के रूप में, दर्शकों को लगातार कुछ नई कहानियां दिखाई हैं। ऐसे में इंटरनेशनल बोर्ड से यह इन्विटेशन उनकी कोशिशों और सिनेमा की दुनिया में उनके बड़े योगदान के लिए एक योग्य मान्यता है।
अकादमी के सीईओ बिल क्रेमर और अध्यक्ष जेनेट यांग ने एक बयान में अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, "हम अकादमी में इस वर्ष के नए सदस्यों का स्वागत करते हुए रोमांचित हैं। दुनिया भर के इन उल्लेखनीय प्रतिभाशाली कलाकारों और पेशेवरों ने हमारे फिल्म निर्माण समुदाय पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाला है।"
















