कोरोना महामारी ने देश की रफ़्तार के साथ-साथ मनोरंजन जगत की रफ़्तार पर भी ब्रेक सा लगा दिया है । पिछले 5 महीनों से बंद पड़े मनोरंजन जगत के कामों को अब धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है । वहीं अटकी पड़ी फ़िल्मों को रिलीज करने के लिए भी ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म्स का सहारा लिया जा रहा है । हालांकि अभी सब कुछ अनिश्चित है कि पहले जैसा सब कुछ कब नॉर्मल होगा, लेकिन फ़िर भी किसी ने उम्मीद नहीं छोड़ी है । जहां एक तरफ़ नई-नई फ़िल्मों का अनाउंसमेंट हो रहा है वहीं सभी की नजर यशराज फ़िल्म्स के 50वीं एनीवर्सरी के सेलिब्रेशन पर टिकी हुई है । इस साल बॉलीवुड के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस यशराज फ़िल्म्स (YRF) अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर रहा है ।

SCOOP: यशराज फ़िल्म्स अपनी 50वीं सालगिरह के मौके पर नए टैलेंट को भी देगा मौका, प्रोजेक्ट 50 में चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे का होगा बॉलीवुड डेब्यू

यशराज फ़िल्म्स करेगा अहान पांडे का बॉलीवुड डेब्यू

इसलिए इस खास मौके को प्रोजेक्ट 50 के रूप में सेलिब्रेट करते हुए इस बैनर के तले बनने वाली आगामी फ़िल्मों की घोषणा करने की भी तैयारी जोरों पर है । प्रोजेक्ट 50 के तहत शाहरुख खान, सलमान खान, रणवीर सिंह सहित कई बड़े सितारों की फ़िल्मों का अनाउंसमेंट किया जाएगा । वहीं कुछ नए कलाकारों को भी लॉंच किया जाएगा ।

खबरों की मानें तो, यशराज फ़िल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा ने फ़िल्म इंडस्ट्री के लगभग हर बड़े स्टार के साथ फ़िल्म की है जैसे- शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, विकी कौशल, रणवीर सिंह और अजय देवगन इत्यादि । वहीं अब आदित्य नए टैलेंट को भी मौका देने जा रहे हैं । जी हां, हमने सुना है कि यशराज के प्रोजेक्ट 50 के तहत चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के चचेरे भाई अहान पांडे को भी लॉंच किया जा रहा है ।

इस बारें में करीबी सूत्र ने बताया कि, “असल में अहान पांडे का यशराज बैनर के तहत लॉंच काफ़ी समय से अटका हुआ था । अहान काफ़ी हैंडसम और प्रतिभाशालीइ हैं और सोशल मीडिया पर उनकी फ़ैन फ़ोलोइंग पहले से ही काफ़ी ज्यादा है । आदित्य को जैसे ही अहान के मुताबिक प्रोजेक्ट मिला, उन्होंने तुरंत अहान को साइन कर लिया । अहान की यह डेब्यू फ़िल्म भी यशराज के प्रोजेक्ट 50 का एक हिस्सा होगी ।” हालांकि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि अहान की इस डेब्यू फ़िल्म को कौनसा डायरेक्टर डायरेक्ट करेगा और हीरोइन कौन होगी ।

चंकी पांडे ने दो साल पहले ही हिंट दे दी थी

अहान पांडे सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर Deanne Panday और उनके उद्यमी-पति चिक्की के बेटे हैं । अहान शाहरुख के बच्चों आर्यन और सुहाना के काफ़ी करीब हैं । संयोग से चंकी पांडे ने दो साल पहले अपने एक इंटरव्यू में हिंट भी दिया था कि अहान को यशराज फ़िल्म्स लॉंच कर सकती है । चंकी ने कहा था कि, “मेरा भतीजा अहान मेरे बेटे जैसा है । और वह ट्विटर और इंस्टाग्राम पर भी काफ़ी फ़ेमस है । मैं जहां भी जाता हूं यंग लड़कियां मुझसे अहान के बारें में पूछती हैं । वह बहुत मेहनती है । जल्द ही उसे लेकर कोई बड़ा अनाउंसमेंट होगा । धर्मा प्रोडक्शंस के साथ वह अपना डेब्यू नहीं कर रहा है । शायद यशराज फ़िल्म्स के साथ हो सकता है । मैं इस बारें में ज्यादा बात नहीं कर सकता, लेकिन बहुत अच्छी खबर जल्द ही घोषित की जाएगी ।”

यशराज फ़िल्म्स अपनी तीन आगामी फ़िल्मों में तीन नए टैलेंट को मौका दे रहा है

करीबी सूत्र ने अंत में कहा कि, “यशराज ने अपने बैनर तले अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह, परिणीति चोपड़ा, अर्जुन कपूर, वाणी कपूर और भूमि पेडनेकर जैसे सितारों को लॉंच किया है और ये सभी आज फ़िल्म इंडस्ट्री में एक अच्छे मुकाम पर हैं । और अब यशराज फ़िल्म्स अपनी तीन आगामी फ़िल्मों में तीन नए टैलेंट को मौका दे रहा है और वो हैं- मानुषी छिल्लर, शरवारी और शालिनी पांडे, ये तीनों ही बॉलीवुड से बाहर की है लेकिन बहुत ही ज्यादा प्रतिभाशाली हैं । अहान का भी बॉलीवुड डेब्यू यशराज के साथ होने जा रहा है, जो अपने आप में बड़ी बात है ।”