संजय लीला भंसाली की बहुप्रतिक्षित म्यूजिकल लव स्टोरी फ़िल्म बैजू बावरा शुरूआत से ही चर्चा में बनी हुई है । जहां पहले कहा जा रहा था कि भंसाली इस फ़िल्म को पहले रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के साथ बनाने वाले थे । लेकिन एक दिन अचानक भंसाली ने सभी खबरों पर विराम लगाते हुए बैजू बावरा की कास्टिंग में तख्तापलट कर रणवीर सिंह को बैजू बावरा का लीड एक्टर अनाउंस किया । बैजू बावरा के लिए भंसाली की ड्रीम कास्ट रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण कई कारणों से अस्तित्व में नहीं आ पाई ।

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण थे बैजू बावरा की ड्रीम कास्ट
इस बारें में विश्वस्त सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “रणबीर कपूर को बैजू बावरा ऑफ़र की गई थी, लेकिन रणबीर का सांवरिया के दौरान भंसाली के साथ काम करने का अनुभव कुछ अच्छा नहीं रहा था । रणबीर ने अपनी डेब्यू फ़िल्म के साथ ठान लिया था कि वह अब कभी भविष्य में भंसाली के साथ काम नहीं करेंगे । इसके अलावा उन्हें उनके सर्किल में से पता चला था कि बैजू बावरा बोरिंग स्क्रिप्ट है जिसकी सीमित दर्शकों तक अपील है । इसलिए, भंसाली को ना कहना उनके लिए आसान हो गया ।”
इसके बाद रणवीर सिंह फ़्रेम में आए और उन्होंने रणबीर की जगह कास्ट किया गया । इसके तुरंत बाद खबरें आने लगी थी कि दीपिका पादुकोण ने भंसाली की बैजू बावरा को करने से इंकार कर दिया । कहा जाने लगा कि दीपिका ने भंसाली से रणवीर सिंह के बराबर फ़ीस की डिमांड कर दी थी जिसे देने से भंसाली ने इंकार कर दिया था । इसलिए दीपिका भी बैजू बावरा का हिस्सा नहीं बन पाई । हालांकि हमारे सूत्र ने इस दावे का खंडन किया है ।
दीपिका ने इसलिए छोड़ी बैजू बावरा
हमारे सूत्र ने बताया कि, “सिम्बा, गली बॉय, पद्मावत की सफलता के बाद और 83, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, शंकर की फिल्मों के साथ एक जबरदस्त लाइन अप होने के बाद, रणवीर ने अपनी मार्केट वैल्यू काफ़ी बढ़ा दी है । वहीं दीपिका भी अपने दौर की अभिनेत्रियों में सबसे ज्यादा फ़ीस चार्ज करने वाली अभिनेत्री हैं । वह औसतन अपनी हर फ़िल्म से करीब 15 करोड़ रु चार्ज करती हैं । तो ऐसे समय में उनका रणवीर के समान वेतन की मांग करने का कोई सवाल ही नहीं उठता और न ही कोई भी निर्माता इतनी फ़ीस दे पाएगा ।”
तो फ़िर दीपिका ने बैजू बावरा को करने से इंकार क्यों किया, इसके जवाब में सूत्र ने बताया, “दीपिका के पास पहले से ही कई सारी फ़िल्में है । भंसाली बैजू बावरा की शूटिंग अगले साल मार्च में शुरू करने पर विचार कर रहे हैं लेकिन उस दौरान दीपिका ॠतिक के साथ फ़ाइटर की शूटिंग में बिजी है । निश्चिततौर पर दीपिका फ़ाइटर को तरजीह देंगी, क्योंकि इसमें उनका मैन एक्शन पैक्ड रोल है और इसमें उनकी जोड़ी पहली बार ॠतिक के साथ बनने जा रही है । फ़ाइटर के अलावा वह प्रभास के साथ भी नाग अश्विन की फ़िल्म कर रही हैं जिसकी शूटिंग अगले साल होनी है । वह आज के समय की सबसे व्यस्त अभिनेत्री है और वह नया कुछ करना चाहती हैं बजाए इसके की उनकी जोड़ी रणवीर के साथ दोहराई जाए ।”
अब जबकि आलिया भट्ट और रणवीर सिंह बैजू बावरा का हिस्सा हैं तो देखने वाली बात ये होगी कि दीपिका की खाली जगह को कौन भरेगा ।
















