बॉक्स-ऑफिस पर बड़ी-बड़ी फ़िल्मों का अपने लिए दर्शक नहीं जुटा पाना और नतीजतन उम्मीद से कम कलेक्शन करना, आने वाली बड़ी और मेगाबजट फ़िल्मों के लिए चिंता का विषय बन गया है । ऐसी ही एक फ़िल्म है राकेश ओमप्रकाश मेहरा की कर्ण, जिसमें जाह्नवी कपूर और साउथ स्टार सूर्या लीड रोल में नज़र आने वाले थे । सूर्या और जाह्नवी कपूर के अलावा इस फ़िल्म में अली फजल, विजय वर्मा और अविनाश तिवारी सहित फिल्म की पूरी कास्ट तय हो चुकी थी । कर्ण में जाह्नवी कपूर द्रौपदी का किरदार निभाने वाली थीं लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, मेकर्स को इस फ़िल्म को शुरू होने से पहले ही बंद करना पड़ा । एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित कर्ण एक बड़ी मेगाबजट पैन-इंडिया फ़िल्म थी । बताया जा रहा था कि, इस फ़िल्म को लगभग 350 करोड़ रुपये के बजट में बनाया जाना था और इतना ही नहीं इस बजट में से 15 करोड़ रुपये पहले ही प्री-प्रोडक्शन और लुक टेस्ट पर खर्च हो चुके हैं ।

सूर्या और जाह्नवी कपूर की कर्ण बंद हुई
एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “हालांकि कई लोगों को बताया गया है कि फिल्म को किन्हीं कारणवश आगे बढ़ाया जा रहा है, लेकिन विभिन्न विभागों के एचओडी को बताया गया है कि फिल्म पूरी तरह से बंद कर दिया गया है । यकीनन ये खबर उनके लिए सदमा बनकर आई होगी जो इस फ़िल्म से जुड़े हुए थे और इसे लेकर बहुत एक्साइटेड भी थे ।”
कर्ण, रंग दे बसंती के निर्देशक और एक्सेल एंटरटेनमेंट के लिए एक ड्रीम प्रोजेक्ट था, अभिनेता भी इस पौराणिक प्रोजेक्ट को लेकर बहुत कॉन्फ़िडेंट थे । इस फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु और अन्य भाषाओं में भी रिलीज़ किया जाना था ।
एक बड़ी फिल्म के बंद होने की खबर ने इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है । इस फिल्म के न बनने के संकेत मिलने के बाद अब फिल्म के कलाकारों ने दूसरे प्रोजेक्ट्स पर काम करना शुरू कर दिया है ।
















