बॉक्स ऑफिस क्लैश कुछ भी नया नहीं है । अक्सर बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े स्टार्स की फ़िल्में एक साथ रिलीज होती है । लेकिन इस बार बॉक्स ऑफिस मुकाबला दो स्टार किड्स के बीच में है । और स्टार किड्स हैं अमिताभ बच्चन ने नाती अगस्त्य नंदा और आमिर खान के बेटे जुनैद खान । बॉलीवुड हंगामा को अपने विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि, अगस्त्य नंदा और जुनैद खान की फ़िल्में सेम डे सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है ।

SCOOP: अगस्त्य नंदा v/s जुनैद खान का होगा बॉक्स ऑफिस मुकाबला ; 7 नवंबर को एक साथ रिलीज होगी इक्कीस और एक दिन

अगस्त्या नंदा v/s जुनैद खान

अगस्त्य नंदा की श्रीराम राघवन निर्देशित इक्कीस एक वॉर ड्रामा है जिसमें वह लीड रोल निभा रहे हैं। शुरुआत में फिल्म इक्कीस को 2 अक्टूबर को रिलीज़ करने की योजना थी, लेकिन अब इसकी रिलीज़ डेट आगे बढ़ा दी गई है। बता दें कि इक्कीस  अगस्त्या नंदा की पहली थियेट्रिकल रिलीज़ होगी। इससे पहले वे 2023 की नेटफ्लिक्स फिल्म द आर्चीज़ में नज़र आए थे ।

एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “इक्कीस अब 7 नवंबर को रिलीज़ होगी। यह फैसला निर्माता दिनेश विजन (मैडॉक फिल्म्स) ने लिया है। उन्हें लगा कि नवंबर का पहला हफ्ता और पोस्ट-दिवाली का समय फिल्म के लिए बेहतर रहेगा।”

एक इंडस्ट्री इनसाइडर ने बताया, “यह कदम सही है क्योंकि 2 अक्टूबर को पहले से ही दो बड़ी फिल्में रिलीज़ होने वाली हैं – सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी और कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1। ऐसे में 7 नवंबर की तारीख ज्यादा सही साबित होगी ।”

इक्कीस 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है और यह सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की कहानी बताती है। अगस्त्य नंदा इस फिल्म में युद्ध नायक अरुण खेत्रपाल का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और प्रतिभाशाली कलाकार जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।

दिलचस्प बात यह है कि 7 नवंबर को भी इक्कीस  सोलो रिलीज़ नहीं होगी। उसी दिन आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म एक दिन  भी रिलीज़ हो रही है। इस फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ की स्टार साई पल्लवी लीड रोल में हैं। इसे सुनील पांडे ने डायरेक्ट किया है और इसकी शूटिंग जापान के सप्पोरो शहर में बर्फीले स्नो फेस्टिवल के दौरान हुई थी।