आनंद एल राय की जीरो के बाद शाहरुख खान ने फ़िल्मों से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का फ़ैसला किया । फ़ैन, जब हैरी मेट सेजल और जीरो की बॉक्सऑफ़िस असफ़लता के बाद, शाहरुख खान अपनी अगली फ़िल्म को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते इसलिए वह अपनी अगली फ़िल्म को साइन करने में समय ले रहे है । लेकिन उनके फ़ैंस अपने चहेते स्टार की अगली फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे है । लेकिन पिछले कई दिनों से शाहरुख खान की अगली फ़िल्म को लेकर खबर आ रही है कि अभिनेता जल्द ही फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी, कृष्णा डीके और राज निदिमोरु और साउथ के फ़िल्ममेकर एटली कुमार के साथ अपनी अगली फ़िल्म का ऐलान करेंगे । लेकिन अभी तक किसी भी फ़िल्म को लेकर कोई ऑफ़िशियल अनाउंसमेंट नहीं हुआ है ।

SCOOP: यशराज फ़िल्म्स के साथ शाहरुख खान करेंगे एक्शन ड्रामा, वॉर के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद संभालेंगे कमान ?

शाहरुख खान फ़िर से यशराज फ़िल्म्स के साथ करेंगे बड़ी फ़िल्म

मीडिया के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो, शाहरुख एक बार फ़िर यशराज फ़िल्म्स के साथ एक बड़ी फ़िल्म करने जा रहे है । सूत्र ने बताया कि, ''जहां एक तरफ़ शाहरुख ने राजकुमार हिरानी की फ़िल्म को लेकर काम शुरू कर दिया है वहीं अभिनेता ने यशराज फ़िल्म्स के बैनर तले बनने वाली बड़ी फ़िल्म को भी साइन कर लिया है । शाहरुख अभिनीत यशराज फ़िल्म्स की इस फ़िल्म को वॉर के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद द्दारा डायरेक्ट किया जाएगा । इस फ़िल्म के साथ शाहरुख एक बार फ़िर एक्शन ड्रामा शैली की फ़िल्म करेंगे । यह फ़िल्म 2021 में रिलीज हो सकती है जबकि इस फ़िल्म का ऐलान यशराज फ़िल्म्स की 50वीं वर्षगांठ पर होने की उम्मीद है ।''

यह भी पढ़ें : Exclusive: कमबैक फ़िल्म में शाहरुख खान के साथ काजोल की जोड़ी बनाएंगे राजकुमार हिरानी ?

बता दें कि शाहरुख ने यशराज फ़िल्म्स के साथ कई हिट फ़िल्में दी है और उनमे शामिल हैं-दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, डर, मोहब्बतें, जब तक है जान, रब ने बना दी जोड़ी, दिल तो पागल है, चक दे इंडिया । हालांकि यशराज के साथ शाहरुख की पिछली फ़िल्म फ़ैन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी ।