शाहरुख खान भारतीय सिनेमा के सबसे मेहनती अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने अपने करियर के 30 से अधिक वर्षों को दर्शकों का मनोरंजन करने में लगा दिया है। आज भी वो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं और हर दिन पूरी लगन से काम करते हैं। 60 वर्ष की उम्र में भी शाहरुख खान अपनी आगामी फ़िल्म किंग के लिए मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक एक्शन सीन की शूटिंग कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें एक हादसे में चोट लग गई ।

शाहरुख खान को लगी चोट
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए एक सूत्र ने बताया, “चोट की सटीक जानकारी गोपनीय रखी गई है, लेकिन शाहरुख़ अपनी टीम के साथ अमेरिका रवाना हो चुके हैं ताकि उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिल सके। ये कोई गंभीर चोट नहीं है, बल्कि एक मसल इंजरी (मांसपेशियों में चोट) है। शाहरुख़ ने अपने करियर के दौरान कई बार स्टंट करते हुए ऐसी मांसपेशियों को चोट पहुंचाई है।”
सूत्र के मुताबिक, सर्जरी के बाद डॉक्टर्स ने शाहरुख़ को एक महीने तक काम से दूर रहने की सलाह दी है। “किंग की अगली शूटिंग अब सितंबर या अक्टूबर में शुरू होगी, क्योंकि शाहरुख़ को पूरी तरह ठीक होने तक आराम करने की सख्त हिदायत दी गई है। जब वो पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे, तब एक बार फिर शूटिंग पर पूरी ताकत के साथ लौटेंगे,” सूत्र ने कहा।
हमें यह भी पता चला है कि जुलाई से अगस्त तक फिल्म किंग, की मुंबई के फिल्म सिटी, गोल्डन टोबैको और यशराज स्टूडियो में होने वाली शूटिंग के लिए की गई बुकिंग्स फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। फिल्म की शूटिंग भारत और यूरोप में की जानी है। शूटिंग शेड्यूल को लेकर और जानकारी का इंतज़ार है।
















