रामायण महाकाव्य पर बेस्ड फ़िल्म बनाने का सपना अब पूरा होता नजर आ रहा है । दंगल (2016) के निर्देशक नितेश तिवारी एक मेगाबजट फ़िल्म बना रहे हैं रामायण जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और केजीएफ़ स्टार यश रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं । यह एक मेगाबजट फ़िल्म है जिसे तीन पार्ट में बनाया जाना है । बॉलीवुड हंगामा को रामायण के तीनों पार्ट्स की कहानी के बारें में अंदर की जानकारी मिली है ।

SCOOP: डायरेक्टर नितेश तिवारी ने रणबीर कपूर स्टारर रामायण के इन मुख्य प्रसंगों को तीन पार्ट्स में किया डिवाइड ; पहला पार्ट सीता माता के अपहरण पर होगा खत्म ; सेकेंड पार्ट में होगी हनुमान जी की एंट्री

नितेश तिवारी की मेगाबजट फ़िल्म रामायण

एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “जैसा कि हम सभी जानते हैं, रामायण तीन भाग वाली फिल्म होगी । कई लोगों को इस बात की जानकारी नहीं है कि निर्माताओं ने प्रत्येक भाग के लिए कहानी को कैसे विभाजित किया है । पहले भाग में भगवान राम, अयोध्या में उनके परिवार, सीता के साथ उनके विवाह और उनके 14 साल के वनवास का परिचय दिया जाएगा । पहला भाग रावण द्वारा सीता के अपहरण के साथ समाप्त होने की उम्मीद है । निर्माता कहानी में जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं और महाकाव्य को मनोरंजक, संवेदनशील और सिनेमाई तरीके से बताना चाहते हैं।”

हालाँकि, सूत्र को इस बात की जानकारी नहीं है कि क्या भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल की प्रमुख भूमिका होगी या क्या वह पार्ट 1 में एक कैमियो में दिखाई देंगे । हालांकि, उन्होंने कहा, “दूसरे भाग में भगवान राम और लक्ष्मण की मुलाकात को दर्शाने की उम्मीद है । इसके अलावा पार्ट 2 में भगवान हनुमान और वानर सेना, उनके सामने आने वाली बाधाएँ और अंत में राम सेतु का निर्माण भी दिखाए जाने की उम्मीद है । वहीं पार्ट 3 में वानर सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध, रावण की हार और भगवान राम और सीता की अयोध्या में भव्य वापसी दिखाए जाने की उम्मीद है ।”

मेकर्स बड़े पैमाने पर रामायण पर काफ़ी रिसर्च करके प्री-प्रोडक्शन पर काम कर रहे हैं और यदि खबरों की मानें तो, रामायण का ऑफ़िशियली अनाउंसमेंट राम नवमी के शुभ अवसर पर, यानी 17 अप्रैल, 2024 को किया जाएगा ।