तेजा सज्जा की फ़िल्म हनुमान को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली । दर्शकों ने फ़िल्म को बहुत पसंद किया और इसके बाद से ही इस फ़िल्म के सीक्वल, जय हनुमान की तैयारी फ़ुल स्पीड में शुरू हो गई है । प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही जय हनुमान को लेकर प्रोड्यूसर्स ने बजट भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा दी है और इसलिए अब इस फ़िल्म में स्टार पावर भी नज़र आएगी ।

SCOOP: तेजा सज्जा स्टारर हनुमान के सीक्वल जय हनुमान में KGF स्टार यश बनेंगे भगवान हनुमान ; पहले से दस गुना बढ़ा बजट

हनुमान के सीक्वल जय हनुमान में यश

बताया जा रहा है कि, हनुमान के सीक्वल, जय हनुमान को पहली फिल्म से दस गुना अधिक बजट मिला है । जैसा कि पहले बताया गया था, राम चरण तेजा का भगवान राम की भूमिका के लिए ऑडिशन लिया जा रहा है । अब हमें एक बहुत ही विश्वसनीय सूत्र से पता चला है कि केजीएफ फेम 'रॉकिंग स्टार' यश भगवान हनुमान का किरदार निभाने के लिए मेकर्स की पहली पसंद हैं ।

निर्देशक प्रशांत वर्मा के बेहद करीबी सूत्र ने फोन कर बताया, “बजरंगबली हनुमान की कास्टिंग को लेकर मुंबई प्रेस में कुछ भ्रम है । सबसे पहले, तेजा सज्जा ने हनुमान में हनुमंत की भूमिका निभाई और वह अगली कड़ी जय हनुमान में भी वही भूमिका निभाएंगे । दूसरी बात ये कि, भगवान हनुमान ही सीक्वल का प्रमुख हिस्सा होंगे । और हां, यश इस भूमिका के लिए बहुत मजबूत दावेदार हैं । पहली फिल्म के लिए उनके नाम पर कभी विचार नहीं किया गया। यह मुंबई मीडिया में घूम रही एक झूठी कहानी है । लेकिन पूरी संभावना है कि वह सीक्वल में भगवान हनुमान का किरदार निभाएंगे । तेजा सज्जा भगवान हनुमान की भूमिका नहीं निभा रहे हैं। वह हनुमानजी के भक्त हनुमंत की भूमिका निभा रहे हैं ।