रीमेक के इस ट्रेंड में करण जौहर एक बार फिर एक मराठी फ़िल्म का हिंदी रीमेक बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं । इससे पहले करण जौहर ने साल 2016 में आई सुपरहिट फ़िल्म सैराट का हिंदी रीमेक धड़क बनाया था जिसके साथ श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था । शशांक खेतान द्वारा निर्देशित धड़क में जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर लीड रोल में नज़र आए थे । और अब एक बार फिर करण जौहर एक और हिट मराठी फ़िल्म झिम्मा का हिंदी रीमेक बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं ।

करण जौहर बनाएंग़े झिम्मा का हिंदी रीमेक
इस बारें में करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “करण जौहर साल 2021 में आई हिट फ़िल्म झिम्मा के हिंदी रीमेक को लेकर बातचीत कर रहे हैं । उन्हें फिल्म का कॉन्सेप्ट, फनी और इमोशनल पल और इसके किरदार बहुत पसंद आए । झिम्मा के हिंदी रीमेक को लेकर बातचीत पिछले साल से चल रही है । अगर सब कुछ ठीक रहा और करण को इसके लिए परफ़ेक्ट स्टारकास्ट मिल गई तो उनका प्रोडक्शन हाउस, धर्मा प्रोडक्शन झिम्मा का हिंदी रीमेक बनाने के लिए आगे बढ़ेंगे ।”
सूत्र ने आगे बताया, “झिम्मा में पूरी तरह से महिला कलाकार हैं । और इसके हिंदी रीमेक में करण जौहर माधुरी दीक्षित, विद्या बालन और नीना गुप्ता को बतौर लीड एक्ट्रेस कास्ट करना चाहते हैं । उन्हें लगता है कि ये तीनों एक्ट्रेस इसमें पूरी तरह से जंचेगी । साथ ही, पावरहाउस कलाकारों को एक साथ लाने से फिल्म के प्रचार में इजाफा होगा ।”

झिम्मा 19 नवंबर, 2021 को रिलीज़ हुई थी । इसमें सोनाली कुलकर्णी, सुचित्रा बांदेकर, निर्मिति सावंत, क्षितिज जोग, सुहास जोशी, सयाली संजीव और मृण्मयी गोडबोले ने मुख्य भूमिका निभाई थी । झिम्मा का निर्देशन हेमंत धोमे ने किया था और उन्होंने फिल्म में एक छोटी भूमिका भी निभाई थी । महामारी के बाद यह पहली मराठी हिट थी और एक पारंपरिक कहानी के अभाव के बावजूद, इसे हल्के-फुल्के अंदाज, कलाकारों की टुकड़ी, संगीत और मजबूत लेखन के लिए पसंद किया गया था । पिछले महीने झिम्मा 2 की औपचारिक घोषणा एक फनी वीडियो के साथ की गई थी । दिलचस्प बात यह है कि आनंद एल राय का कलर येलो प्रोडक्शंस सीक्वल के लिए सह-निर्माता के रूप में शामिल हुए हैं ।
















