बॉलीवुड में जब भी आमिर खान और राजकुमार हिरानी की जोड़ी का नाम लिया जाता है तो दर्शकों के जहन में 3 इडियट्स और पीके जैसी कल्ट फिल्में ताज़ा हो जाती हैं। ऐसे में जब आमिर खान और राजकुमार हिरानी ने सिनेमा के दिग्गज दादा साहेब फाल्के की बायोपिक अनाउंस की तो उनके फैंस इसके लिए ये किसी धमाके से कम नहीं थी । लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा को आमिर खान और राजकुमार हिरानी की दादासाहेब फाल्के बायोपिक को लेकर अपडेट मिली है जो यक़ीनन निराशाजनक है । विश्वसनीय सूत्रों ने हमें बताया है कि, आमिर और हिरानी की ये बायोपिक फ़िल्म फ़िलहाल होल्ड पर चली गई है ।

आमिर खान की फ़िल्म होल्ड पर गई
करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि,“राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी ने आमिर खान को दादा साहेब फाल्के की बायोपिक की स्क्रिप्ट सुनाई। आमिर को लगा कि कहानी में सिनेमाई मज़ा नहीं है। वह उम्मीद कर रहे थे कि स्क्रिप्ट में हिरानी और अभिजात की तरह हंसी, इमोशन और ड्रामा का संतुलन होगा। लेकिन इसमें कॉमेडी का अभाव था। इसी वजह से आमिर ने हिरानी से स्क्रिप्ट को फिर से लिखने की गुज़ारिश की।”
सूत्र ने आगे बताया, “आमिर की इस प्रतिक्रिया से हिरानी और अभिजात काफ़ी हैरान हैं । अक्टूबर 2025 से शूटिंग शुरू होने वाली यह फिल्म अब तय वक्त पर फ्लोर पर नहीं जा पाएगी। फिलहाल सबकुछ ठप है और आमिर ने नई स्क्रिप्ट्स की तलाश शुरू कर दी है। वह अलग-अलग इंडस्ट्री से अलग-अलग तरह की स्क्रिप्ट सुन रहे हैं।”
यानी साफ है कि आमिर खान का अगला प्रोजेक्ट क्या होगा, यह अब समय ही तय करेगा। फिलहाल उनकी राजकुमार हिरानी और लोकेश कनगराज वाली फिल्में बैकफुट पर जाती नज़र आ रही हैं।
















