लगभग ढाई साल बाद (ऑलमोस्ट प्यार विद डीजे मोहब्बत, 2023) के बाद अनुराग कश्यप एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी नई फिल्म निशांची एक क्राइम कॉमेडी है, जिसमें आयुष्मान ठाकरे डबल रोल में नज़र आएंगे। फिल्म अपने हटके प्रमोशनल मटीरियल और गानों की वजह से पहले ही चर्चा में है। लेकिन अनुराग कश्यप और सेंसर बोर्ड (CBFC) का रिश्ता हमेशा विवादों से घिरा रहा है, और निशांची भी इससे अछूती नहीं रही ।

निशांची को मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट
इस बार राहत की बात ये रही कि निशांची में कोई विज़ुअल कट नहीं लगाया गया। यानी एक्शन, रोमांस और हिंसा से जुड़ी सभी सीक्वेंस जस की तस रहेंगे। लेकिन कट लिस्ट के अनुसार, फिल्म में इस्तेमाल हुए कुछ गालियों को लेकर सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई। कुल 12 सीन में आपत्तिजनक शब्दों को बदलने का निर्देश दिया गया, जिनमें 6 बार एक विशेष शब्द और बाकी 6 बार अन्य गालियां शामिल थीं।
बदलावों के बाद फिल्म को 21 अगस्त को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिल गया। उस वक्त फिल्म की लंबाई 176.48 मिनट (2 घंटे 56 मिनट 48 सेकंड) दर्ज की गई।
5 सितंबर को मेकर्स ने खुद से फिल्म में कुछ बदलाव किए और CBFC से दोबारा अप्रोच किया। और उनमे शामिल हैं- 2 मिनट 14 सेकंड का गाना ‘सरम लागेला’ जोड़ा गया, 58 सेकंड का पोस्ट-क्रेडिट सीन जोड़ा गया, इसके बाद 6 सेकंड की स्लेट जोड़ी गई जिस पर लिखा है ‘End of Part 1’ और Zee Music Company और Amazon Prime Video के लोगो जोड़े गए, जिससे 17 सेकंड बढ़े।
इसके अलावा, ओपनिंग क्रेडिट टाइटल बदले गए। ‘ई मनवा’ (39 सेकंड का गाना) हटाकर बैकग्राउंड म्यूजिक डाला गया। वहीं गाना ‘संडे के मार’ को बदलकर ‘तोहरा नाम दिल पे’ किया गया।
इस तरह कुल 39 सेकंड का फुटेज हटाया गया और 3 मिनट 35 सेकंड का नया फुटेज जोड़ा गया। अब निशांची की नई रनटाइम 179.44 मिनट (2 घंटे 59 मिनट 44 सेकंड) है। यानी ये अनुराग कश्यप की अब तक की सबसे लंबी फिल्म बन गई है।
















