कबीर सिंह और एनिमल जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्में देने के बाद फ़िल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा अब अपनी नेक्स्ट फ़िल्म में दीपिका पादुकोण के साथ काम करने के लिए तैयार थे । संदीप रेड्डी वांगा ने प्रभास स्टारर अपनी फ़िल्म स्पिरिट के लिए दीपिका पादुकोण को फ़ीमेल लीड के लिए कास्ट किया था । लेकिन दीपिका ने संदीप रेड्डी वांगा के साथ काम करने का मौका खो दिया है । हमारे विश्वसनीय सूत्रों से हमें पता चला है कि, संदीप रेड्डी वांगा का दीपिका पादुकोण के साथ बहुत बड़ा झगड़ा हुआ जिसके बाद एक्ट्रेस ने वहीं फ़िल्म छोड़ दी । यानी अब संदीप रेड्डी वांगा की कॉप थ्रिलर स्पिरिट में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण नहीं कोई और एक्ट्रेस नजर आएँगी ।

दीपिका पादुकोण ने छोड़ी संदीप रेड्डी वांगा की स्पिरिट
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “संदीप रेड्डी वांगा को तब झटका लगा जब दीपिका पादुकोण ने स्पिरिट के लिए प्रतिदिन 6 घंटे से अधिक शूटिंग करने से इनकार कर दिया । इतना ही नहीं, अभिनेत्री ने अपनी एजेंसी के माध्यम से कांट्रैक्ट में संशोधन की मांग भी शुरू कर दी । दीपिका का कहना था कि - यदि शूटिंग 100 दिनों से अधिक चलती है, तो दीपिका को कागज पर कमिटमेंट्स से परे शूटिंग के हर एक दिन के लिए एक्स्ट्रा भुगतान करना होगा ।”
सूत्र ने बताया कि संदीप रेड्डी वांगा ने अपने निर्माता से इस बारे में बात की, जिन्होंने दोनों प्रतिभाओं को एक ही मंच पर लाने की पूरी कोशिश की। सूत्र ने आगे बताया, “हालांकि, दीपिका और उनकी टीम झुकने को तैयार नहीं थी । संदीप रेड्डी वांगा ने आखिरकार दीपिका से फिल्म से बाहर निकलने को कहा । अब वह इस भूमिका के लिए नए कलाकारों की तलाश कर रहे हैं ।”
जाहिर है, दीपिका स्पिरिट के लिए 40 करोड़ रुपये चार्ज कर रही थीं और विवाद के बाद, संदीप कम कीमत वाले किसी व्यक्ति को कास्ट करना चाह रहे हैं । फिल्म अक्टूबर 2025 में फ्लोर पर जाने वाली है और एक महीने के भीतर नए कलाकारों को फाइनल कर दिया जाएगा, लेकिन कोई भी विश्वास के साथ कह सकता है कि संदीप इस समय दीपिका पादुकोण के काम करने के तरीके से परेशान हैं।
















