सलमान खान एक बेहतरीन एक्टर और प्रोड्यूसर ही नहीं बल्कि एक सफल बिज़नेसमैन भी हैं । क्लोथिंग ब्रांड बीईंग ह्यूमन के अलावा सलमान प्रॉपर्टी में इंवेस्ट करते हैं । और अब सुनने में आ रहा है कि, सलमान खान मुंबई में एक शानदार होटल बनाने जा रहे हैं ।

सलमान खान मुंबई में बनाएंगे 19 मंजिला सी फ़ेसिंग लग्ज़री होटल ; जल्द शुरू होगा काम

सलमान खान बनाएंगे होटल

रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान कार्टर रोड, बांद्रा में सी फ़ेसिंग एक 19 मंजिला होटल बनाने की योजना बना रहे हैं । बिल्डिंग प्लान को बीएमसी ने मंजूरी दे दी है और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है । जहां ये होटल बनाया जा रहा है वहाँ पहले रेजिडेंशियल सोसायटी थी जिसका नाम स्टारलेट था । पहले इस क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को तोड़ा जाएगा और उसके बाद यहां लग्ज़री होटल बनाया जाएगा ।

होटल में तीन-स्तरीय बेसमेंट शामिल होंगे जबकि पहली और दूसरी मंजिल एक कैफे और रेस्तरां के लिए रिज़र्व होगी । जबकि तीसरी मंजिल में एक जिम और स्विमिंग पूल होगा, चौथी मंजिल को सर्विस फ्लोर के रूप में रिज़र्व किया जाएगा जबकि पांचवीं और छठी मंजिल पर कन्वेंशन सेंटर होगा । होटल के कमरे 7वीं और 19वीं मंजिल के बीच स्थित होंगे । दिलचस्प बात यह है कि यह प्लॉट सलमान के दोस्त सुपरस्टार आमिर खान के घर फ्रीडा वन से 200 मीटर की दूरी पर स्थित है ।

रिपोर्ट में आगे उल्लेख किया गया है कि सलमान और उनके परिवार ने शुरुआत में इस प्रॉपर्टी  को रेजिडेंशियल सोसायटी में बनाने की योजना बनाई थी । लेकिन बाद में योजना बदल दी गई । इस प्रॉपर्टी के मालिक सलमान खान की मां सलमा खान के नाम से करीब एक साल पहले बीएमसी को प्रस्ताव सौंपा गया था ।

वर्क फ़्रंट की बात करें तो, सलमान की हालिया रिलीज़ फ़िल्म किसी का भाई किसी की जान बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक़ प्रदर्शन नहीं कर पाई । अब सलमान जल्द ही कैटरीना कैफ़ के साथ फ़िल्म टाइगर 3 में नज़र आएंगे । मनीष शर्मा द्वारा निर्देशित यह फ़िल्म दीवाली 2023 के दौरान रिलीज़ होगी ।