सलमान खान, जो पूरे 4 साल बाद एक बार फ़िर अपने फ़ैंस कि ईद को खुशनुमा बनाने के लिए अपनी फ़िल्म किसी का भाई किसी की जान रिलीज करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । सलमान खान 21 अप्रैल को ईद के दिन बड़े पैमाने पर रिलीज हो रही किसी का भाई किसी की जान के प्रमोशन में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं । जहां एक तरफ़ सलमान की ये फ़िल्म रिलीज होने जा रही है वहीं उन्होंने अपनी अगली फ़िल्म की प्लानिंग़ भी शुरू कर दी है । दिलचस्प बात ये है कि, सलमान अगले साल की ईद यानि साल 2024 की ईद को भी फ़िल्मी बनाने की तैयारी में जुट गए हैं ।

साल 2024 की ईद की प्लानिंग में जुटे सलमान खान
इस बारें में करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “ईद वांटेड (2009) के बाद से सलमान का पर्याय बन गई है । 2024 में कुछ बड़ी फिल्मों ने गणतंत्र दिवस और दिवाली जैसे स्लॉट को पहले ही बुक कर लिया है । लेकिन कोई भी ईद रिलीज को बुक करने की हिम्मत नहीं करेगा क्योंकि यह सभी को पता है कि ईद पर सलमान की फ़िल्म ही ज्यादातर रिलीज होती है । फिलहाल, वह स्क्रिप्ट की तलाश कर रहे हैं और एक बार जब यह फाइनल हो जाएगी, तो वह जल्द ही फिल्म की शूटिंग शुरु कर देंगे ।”
दिलचस्प बात यह है कि सलमान जिन फिल्मों पर विचार कर रहे हैं उनमें से एक धर्मा प्रोडक्शन के बैनर की है । इस बारें में करीबी सूत्र ने कहा, “करण जौहर सलमान के साथ एक बड़े बजट की फिल्म के लिए बातचीत कर रहे हैं । यह अभी शुरुआती चरण में है और स्क्रिप्ट, निर्देशक आदि के बारे में सभी डिटेल गुप्त रखे गए हैं । लेकिन यदि ये फ़िल्म बनती है तो सलमान और करण, दोनों 25 साल बाद किसी फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं ।”
सलमान ने करण जौहर के साथ केवल कुछ कुछ होता है (1998) में काम किया था । इसमें सलमान ने एक यादगार सहायक भूमिका निभाई थी । जबकि फ़िल्म लीड में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी थे ।
किसी का भाई किसी की जान के बाद सलमान की इस साल एक और फ़िल्म रिलीज होगी और वो टाइगर 3, जिसमें उनके साथ एक बार फ़िर कैटरीना कैफ़ नजर आएंगी । आदित्य चोपड़ा की यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित टाइगर 3 मनीष शर्मा द्वारा निर्देशित है । यह यशराअज फ़िल्म्स के स्पाई युनिवर्स का ही एक हिस्सा है जिसमें पठान के रूप में शाहरुख खान कैमियो करते हुए नजर आएंगे ।
















