
आज सिनेमाघरों में सलमान खान की एक्शन से भरपूर मनोरंजक फ़िल्म टाइगर जिंदा है, सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, और अच्छी खबर ये है कि फ़िल्म को दर्शकों से काफ़ी शानदार प्रतिक्रिया हासिल हो रही है । सलमान के चाहने वालों के लिए एक और अच्छी खबर ये है कि हाल ही में फ़ोर्ब्स की भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप 100 सेलिब्रिटी की सूची जारी की है जिसमें सलमान खान सबसे ऊपर है । वैसे आपको बता दें कि सलमान पिछले साल भी इस सूची में शीर्ष पर थे और इस साल भी उन्होंने अपने इस स्थान को बरकरार रखा है ।
सूची के मुताबिक, सलमान की सालाना कमाई 232.83 करोड़ रुपए हैं । दिलचस्प बात यह है कि 2016 की सूची के मुकाबले अभिनेता की कमाई, जो सुल्तान और प्रेम रतन धन पायो की जबरदस्त सफलता के बाद 270.33 करोड़ रुपए आंकी गई थी, में 2017 में थोड़ी गिरावट आई है । लेकिन गिरावट के बावजूद भी सलमान खान शीर्ष पर बने हुए है । इस सूची पर दूसरे नंबर पर शाहरुख खान हैं जिनकी टोटल कमाई 170.5 करोड़ रु है ।
इतना ही नहीं,जहां सलमान खान और शाहरुख खान ने फोर्ब्स की सूची में अपने पदों को बरकरार रखा है, सलमान की अकेले की कमाई टॉप 100 हस्तियों की सूची की कुल कमाई का 8.67 प्रतिशत हैं । 100 हस्तियों की कुल कमाई 2,683 करोड़ हैं । इस सूची में अक्षय कुमार सालाना कमाई के मामले में 98.25 करोड़ रुपए के साथ चौथे स्थान पर है और छठवें नंबर पर आमिर खान 68.75 करोड़ रुपए तो वहीं सातवें पोजिशन पर बॉलीवुड से हॉलीवुड की तरफ रुख करने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा हैं । बता दें कि प्रियंका एकलौती महिला है, जिन्होंने टॉप 10 की लिस्ट
में जगह बनाई । ऋतिक अपनी सालाना कमाई 63.12 करोड़ के साथ नौंवे स्थान पर है जबकि दसवें नंबर पर बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह हैं, जिनकी 62.63 करोड़ रुपए की सालाना कमाई है ।
















