
साल की उच्च प्रत्याशित फिल्मों में से एक, सलमान खान अभिनीत फ़िल्म ट्यूबलाइट उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई । समीक्षको और दर्शकों को इस फ़िल्म ने काफ़ी निराश किया जिसकी वजह से इसका बॉक्सऑफ़िस कलेक्शन काफ़ी बुरा रहा ।
हमने आपको पहले बताया था कि कुछ डिस्ट्रीब्यूटर भारी नुकसान के बाद सलमान खान से रिफंड मिलने की उम्मीद में मुंबई में आए थे । अब यह सुनने में आया है कि सलमान और उनका परिवार अब वितरकों की भरपाई करने के लिए राजी हो गया है । खबरों के मुताबिक, सलमान खान और वितरकों के बीच 8 जुलाई को उनके आवास पर एक बैठक हुई थी । सलीम खान भी इस मीटिंग में मौजूद थे । उन्होंने उनकी कहानियों को सुना और रिफंड करने के लिए सहमत हो गए । मुआवजे की राशि का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है ।
जब सलीम खान से इसके बारे में पूछा गया था,तो उन्होंने कहा कि, जब एक डिस्ट्रीब्यूटर को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी लेने की जरूरत प्रोड्यूसर की होती है । वे उनके साथ मिले और बीच का रास्ता खोजने की कोशिश की । उन्होंने कहा कि उन्हें भविष्य में साथ मिलकर काम करना है । इसलिए, वे उचित निर्णय लेने के लिए एक साथ आए, जिससे दोनों पार्टियों को मदद मिले ।
कबीर खान द्दारा निर्देशित ट्यूबलाइट एक पीरियड ड्रामा फ़िल्म है जिसमें सलमान खान और सोहेल खान, मतीन रे टैंगु, ओम पुरी और झू झू अहम भूमिका में नजर आए । यह फ़िल्म 23 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी ।
















