
राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फ़िल्म मिर्ज़िया से अपने डेब्यू करने वाली अभिनेत्री सैयमी खेर बॉलीवुड में अपनी नई पारी की शुरूआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है । इसके अलावा वह दक्षिणी फ़िल्मों में भी आने की तैयारियों में जुटी हुईं हैं । हाल ही में जाने-माने निर्देशक मणिरत्नम की अगली फ़िल्म के लिए सैयमी खेर को साइन किया गया है ।
ये फ़िल्म उनकी झोली में कैसे गिरी, इस बात पर विस्तृत जानकारी देते हुए सैयामी खेर ने बताया कि, उन्हें एक बार मणिरत्नम के ऑफ़िस से फ़िल्ममेकर मणिरत्नम के साथ मीटिंग के लिए फ़ोन आया था । इस फ़िल्म के लिए सैयामी का स्क्रीन टेस्ट हुआ जिसमें वो सफ़लतापूर्वक पास हो गईं और जिसके बाद उन्हें इस फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के तौर पर चुन लिया गया । हालांकि, इस फ़िल्म ने हाल ही में कुछ मुश्किलों का सामना किया है जिसकी वजह से फ़िल्म थोड़े समय के लिए टल गई थी । इस पर आगे बात करते हुए सैयामी ने बताया कि, आशा है ये फ़िल्म, जिसे इस साल के अंत तक शिफ़्ट किया गया है , जल्द ही शुरू हो जाए । मणिरत्नम की फ़िल्म बाइलिंगग्वल दो भाषाओं तमिल और तेलगू में रिलीज होगी ।
















