फ़िल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने टीवी की ओर रुख किया और कई रिएल्टी शो में जज के तौर पर नजर आए, खासकर डांसिंग शो में । और अब बारी है उनके बेटे की टीवी पर डेब्यू करने की । जाएद खान और संजय कपूर समेत कई कलाकारों ने फ़िल्मों के बाद टीवी की ओर रुख किया और अब मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह चक्रवर्ती भी एक आगामी टीवी शो में सलमान खान के भाई सोहेल खान के साथ नजर आने वाले है ।

पहले, खबरें आईं थी कि सोहेल खान असल जिंदगी के पहलवान गामा पहलवान की जिंदगी पर आधारित एक टीवी शो में पहलवान के रूप में नजर आने वाले हैं । और अब सुनने में आ रहा है कि उस शो का हिस्सा बनेंगे मिमोह चक्रवती । हालांकि इस बारें में अभी कोई ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हमने सुना है कि मिमोह भी इस शो में एक पहलवान के किरदार में नजर आएंगे । यह कहा जा रहा है कि इसके लिए मिमोह को काफ़ी तैयारियों से गुजरना होगा ।

गामा पहलवान सीरीज, अमृतसर में सेट की जाएगी और एक पहलवान, जो पाकिस्तान चला जाता है, पर आधारित एक पीरियड बायोपिक है । सोहेल खान इस फ़िल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं और इसी के साथ टेलीविजन प्रोडक्शन में यह सलमान खान का पहला प्रयास होगा । इससे पहले, पायलट एपिसोड शूट किया गया था और चैनल के पास अप्रूवल के लिए भेजा गया ।