धर्मा प्रोडक्शंस की डिजिटल शाखा धर्मैटिक एंटरटेनमेंट अब आधिकारिक तौर पर अपनी पैरेंट कंपनी में विलय हो गई है। द इकनॉमिक टाइम्स की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम बदलते मनोरंजन परिदृश्य के बीच कंपनी के संचालन को मजबूत और एकीकृत करने की रणनीति का हिस्सा है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दोनों कंपनियों के शेयरहोल्डर्स और क्रेडिटर्स से मंज़ूरी मिलने के बाद इस मर्जर को फास्ट-ट्रैक मोड में पूरा किया गया।

धर्मा प्रोडक्शंस और धर्मैटिक एंटरटेनमेंट का विलय
यह कदम तब आया है जब पिछले साल उद्योगपति आदर पूनावाला ने धर्मा प्रोडक्शंस में 50% हिस्सेदारी 1,000 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिससे कंपनी की वैल्यू 2,000 करोड़ रुपये हो गई थी । मर्जर के बाद धर्मा के प्रमुख करण जौहर ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए डिस्ट्रिब्यूशन आर्म शुरू करने का निर्णय लिया। कोमल नाहटा से बातचीत में करण ने बताया कि आदर पूनावाला के साथ साझेदारी ने उन्हें वितरण व्यवसाय में उतरने की प्रेरणा दी।
द इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, धर्मा प्रोडक्शंस और धर्मैटिक एंटरटेनमेंट का यह विलय 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी है। इससे कंपनी की संरचना को सरल बनाने, लागत घटाने और कानूनी प्रक्रियाओं को आसान करने में मदद मिलेगी।
क्योंकि धर्मैटिक पहले से ही धर्मा की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी थी, इसलिए इस डील में कोई धन लेन-देन नहीं हुआ। धर्मा के पास जो शेयर थे, वे अब रद्द कर दिए जाएंगे । एक कंपनी अधिकारी ने कहा, “धर्मैटिक को डिजिटल-फर्स्ट क्रिएटिव स्टूडियो के रूप में शुरू किया गया था, लेकिन अब इंडस्ट्री का परिदृश्य बदल चुका है। यह विलय संसाधनों के बेहतर उपयोग और एक अधिक कुशल संगठन बनाने का अवसर देगा, जिससे हम सभी प्लेटफॉर्म्स पर प्रभावशाली कहानियां सुना सकें।”
धर्मैटिक एंटरटेनमेंट की स्थापना 2018 में की गई थी, ताकि डिजिटल फिल्मों और शोज़ का निर्माण किया जा सके। कंपनी ने कॉफी विद करण, फैब्युलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स, द ट्राइब, और लव स्टोरियां जैसे नॉन-फिक्शन शोज़ और द फेम गेम, शोटाइम, ग्यारह ग्यारह और डू यू वाना पार्टनर जैसे फिक्शनल बनाए।
वहीं, धर्मैटिक की वेब फिल्मों में शामिल हैं, गिल्टी (2020), अजीब दास्तां (2021), सर्चिंग फॉर शीला (2021; नॉन-फिक्शन), मीनाक्षी सुंदरेश्वर (2021), ए वतन मेरे वतन (2024), नादानियां (2025) और आप जैसा कोई (2025)। दिलचस्प बात यह है कि सरज़मीन (2025) भले ही सीधे जियोहॉटस्टार पर रिलीज़ हुई, लेकिन इसे धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया था।
















