कार्तिक आर्यन ने कुछ दिनों पहले अपनी आगामी फ़िल्म धमाका से अपना फ़र्स्ट लुक रिलीज किया था जिसके बाद लोगों में इस फ़िल्म को लेकर जिज्ञासा और जाग गई । राम माधवानी के निर्देशन में बन रही धमाका असल में साल 2013 में आई साउथ कोरियन फ़िल्म The Terror Live का हिंदी रीमेक है जिसमें कार्तिक, अर्जुन पाठक का किरदार निभाएंगे जो पेशे से एक पत्रकार है । लेकिन हमने सुना है कि धमाका के लिए कार्तिक आर्यन पहली पसंद नहीं थे । सबसे पहले यह फ़िल्म तापसी पन्नू को ऑफ़र हुई थी और उसके बाद कृति सैनॉन को लेकिन दोनों ने ही इस फ़िल्म को करने से इंकार कर दिया । जिसके बाद मेकर्स ने स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव किए और कार्तिक को ये फ़िल्म ऑफ़र की जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया ।

कार्तिक आर्यन नहीं थे धमाका की पहली पसंद
“राम माधवानी के निर्देशन में बन रही धमाका असल में महिला केंद्रित फ़िल्म थी जिसमें किसी अभिनेत्री को लीड रोल निभाना था । इसलिए यह फ़िल्म सबसे पहले तापसी पन्नू को ऑफ़र हुई थी, लेकिन उन्होंने इस फ़िल्म को करने से इंकार कर दिया ।” जानकार सूत्रों ने बताया ।
यह फ़िल्म शुरूआत में राहुल ढोलकिया द्दारा निर्देशित और एज्यूर एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित की जा रही थी । तापसी के इंकार करने के बाद यह फ़िल्म कृति सैनॉन को ऑफ़र हुई । हालांकि कृति को अपना किरदार काफ़ी पसंद आया लेकिन बाद में उन्होंने बिना कारण बताए फ़िल्म छोड़ दी । “कृति के धमाका छोड़ने के बाद एज्यूर एंटरटेनमेंट ने यह फ़िल्म राम माधवानी को बेच दी । वहीं राहुल ढोलकिया अन्य प्रोजेक्ट्स में बिजी थे इसलिए उन्होंने भी इसे डायरेक्ट करने से इंकार कर दिया । इसके बाद राम माधवानी ने इस फ़िल्म को RSVP के साथ बनाने का फ़ैसला किया । इसी के साथ उन्होंने इसे फ़िर से लिखा और महिला केंद्रित फ़िल्म की जगह इसे पुरुष केंद्रित फ़िल्म में बदला ।” इंडस्ट्री के बेहद करीबी सूत्र ने हमें बताया ।
फिल्म की कहानी में एक घटना की श्रृंखला सामने आती है जब एक रिपोर्टर को एक व्यक्ति से अजनबी कॉल आता है, जो बांद्रा-वर्ली सी लिंक को उड़ाने की धमकी देता है । कार्तिक इस फिल्म में कार्तिक एक पत्रकार की भूमिका में होंगे । लेकिन इस पत्रकार की ज़िंदगी तब बदल जाती है जब वो मुंबई आतंकवादी हमले का लाइव ब्राडकास्ट कवर करता है । पूरी तरह से मुंबई पर आधारित, इस फिल्म का निर्माण रॉनी स्क्रूवाला की आरएसवीपी और राम माधवानी फिल्म्स (सह निर्माता अमिता माधवानी के साथ) द्वारा किया जा रहा है ।
















