रवीना टंडन ने हाल ही में मनीष गुप्ता द्वारा लिखित और निर्देशित थ्रिलर फ़िल्म की शूटिंग खत्म की है । मनीष गुप्ता, जो इससे पहले स्टोनमैन मर्डर, हॉस्टल और रहस्य जैसी थ्रिलर फ़िल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, की अगली थ्रिलर फ़िल्म की कहानी हालांकि फ़िलहाल सीक्रेट रखी जा रही है, लेकिन सुनने में आया है कि इस फ़िल्म में रवीना टंडन एक ऐसी भूमिका में नजर आएंगी, जो इससे पहले उन्होंने कभी नहीं निभाई ।

मनीष गुप्ता की थ्रिलर फ़िल्म में रवीना टंडन का निगेटिव किरदार दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देगा ?

रवीना टंडन का कभी न देखा गया अवतार

हालांकि अभी तक इसकी कोई पुष्टि तो नहीं हुई है, लेकिन सुनने में आ रहा है कि मनीष गुप्ता की इस थ्रिलर फ़िल्म में रवीना निगेटिव किरदार में नजर आएंगी । केजीएफ चैप्टर 2 के बाद ग्रे ज़ोन में रवीना की ये दूसरी एंट्री होगी ।

अपनी फ़िल्म में रवीना की भूमिका को स्पष्ट रूप से बताए बिना मनीष गुप्ता ने दावा करते हुए कहा, “मेरी फ़िल्म में, रवीना ने शानदार प्रदर्शन किया है जिसे देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े होना लाजिमी है । कई मौकों पर, रवीना का प्रदर्शन इतना गहरा और ईमानदार था कि मैंने और मेरी क्रू टीम ने उनके शानदार परफ़ोर्मेंस पर तालियां बजाईं । सिनेमा उनके लिए जुनून है । इस फिल्म के साथ, वह एक पावरहाउस कलाकार के रूप में अपनी काबिलियत साबित करेंगी ।”

रवीना के साथ काम करने पर मनीष गुप्ता ने कहा, “रवीना सुंदरता और कौशलता का एक दुर्लभ मिलन है । वह वास्तव में एक संवेदनशील और दूसरों की परवाह करने वाली इंसान हैं । वह एक नेक दिल इंसान है जो जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करती हैं । उनका प्रोफ़ेशनल रवैया सराहनीय है । वह शूटिंग के हर दिन सही समय पर पहुंचती हैं ; बॉलीवुड में ऐसी समय की पाबंदी बहुत कम देखने को मिलती है । वह सेट पर सभी के साथ बहुत विनम्र रहती हैं, चाहे किसीकी रैंक कुछ भी हो । उनकी स्क्रीन उपस्थिति बहुत आकर्षक है ।”