जहां एक तरफ़ रणवीर सिंह इटली में अपनी जिंदगी के सबसे अहम दिन को जी रहे हैं वहीं दूसरी तरफ़ उनकी आगामी फ़िल्म सिंबा पर खतरे के बादल मंडरा गए है । रोहित शेट्टी द्दारा निर्देशित सिंबा कानूनी पचड़े में फ़ंस गई है । दरअसल, एक पेय कंपनी, जो कि बीयर के ब्रांड के लिए जाना जाती है, ने सिंबा पर लीगल चार्जेज लगाए है । एक ब्रेवरेज़ कंपनी ने सिंबा के निर्देशक रोहित शेट्टी की कंपनी रोहित शेट्टी पिक्चर्स पर ट्रेडमार्क के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है ।

रणवीर सिंह की सिंबा पर ट्रेडमार्क के उल्लंघन का आरोप लगा
छत्तीसगढ़ की एक ब्रेवरेज कंपनी ने रोहित शेट्टी पिक्चर्स पर ट्रेडमार्क के उल्लंघन का आरोप लगाया है । इस कंपनी ने अपने लीगल नोटिस में आरोप लगाया है कि इस फिल्म का जो शीर्षक सिंबा है वो नाम के संदर्भ में कॉपीराइट उल्लंघन है क्योंकि उनकी कंपनी अपने बीयर और अन्य नॉन-अल्कोहलिक ड्रिंक्स इसी नाम से बेचती है । इसके अलावा यही कंपनी कई परिधान, ताश के पत्ते और अन्य चीजें साल 2015 से इसी नाम से बेचती आ रही है । जबकि इस नाम से फिल्म बनाने से पहले उनसे किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई है । करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी सिंबा एक पुलिसवाले की कहानी है, जिसमें जबरदस्त एक्शन के साथ कॉमेडी भी है ।
दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई है और रोहित शेट्टी की तरफ़ से इस मामले में जवाब देने के लिए कहा गया है । और अगर रोहित की तरफ़ से जवाब नहीं दिया जाता तो इस मामले की सुनवाई चार दिसंबर को होगी ।
गौरतलब है कि रणवीर, जो इन दिनों इटली में अपनी लेडी लव दीपिका के साथ शादी रचा रहे हैं, जल्द ही रोहित शेट्टी की आगामी फ़िल्म सिंबा में एक पुलिस अफ़सर के किरदार में नजर आएंगे । यह फ़िल्म एक तेलगु ब्लॉकबस्टर फ़िल्म टेंपर का हिंदी रीमेक है । बताया जा रहा है कि सिंबा का ट्रेलर 3 दिसंबर को रिलीज़ किया जाएगा । इस फ़िल्म में रणवीर के साथ सारा अली खान, सोनू सूद अहम भूमिका मेंनजर आएंगे । यह फ़िल्म इसी साल 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है ।
















