उरी द सर्जिकल स्ट्राइक और आर्टिकल 370 जैसी बेहतरीन फ़िल्में डायरेक्ट करने वाले फ़िल्ममेकर आदित्य धर अब रणवीर सिंह के साथ हाई-ऑक्टेन जासूसी थ्रिलर फ़िल्म धुरंधर बना रहे हैं । इस फ़िल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी अहम रोल में नज़र आने वाले हैं ।

रणवीर सिंह 25 जुलाई से थाइलैंड में शुरू करेंगे आदित्य धर की हाई-ऑक्टेन जासूसी थ्रिलर धुरंधर ; रॉ के इतिहास की सच्ची घटनाओं से प्रेरित फ़िल्म

रणवीर सिंह जुलाई के अंत में शुरू करेंगे धुरंधर

द इम्मोर्टल अश्वत्थामा के होल्ड पर जाने के बाद आदित्य धर ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट धुरंधर पर काम शुरू कर दिया । और अब इस फ़िल्म को लेकर खबर आ रही है कि, आदित्य धर इसी महीने से रणवीर सिंह के साथ धुरंधर की शूटिंग शुरू करने वाले हैं  

कहा जा रहा है कि आदित्य धर और रणवीर सिंह 25 जुलाई से थाइलैंड में फिल्म का फ़र्स्ट शेड्यूल शुरू करने जा रहे हैं । रणवीर के अलावा इस शूटिंग में फ़िल्म के अन्य स्टार्स भी शामिल होंगे । मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, फिल्म का पहला शेड्यूल एक इंटेल नेटवर्क के भीतर बातचीत पर केंद्रित होगा । फिल्म का फ़र्स्ट शेड्यूल थाईलैंड से शुरू होगा और फिर उसके बाद भारत और फिर यूएई में शूटिंग के शेड्यूल रहेंगे ।

धुरंधर की कहानी की बात करें तो, यह भारतीय खुफिया एजेंसियों के स्वर्णिम युग पर आधारित फिल्म बताई जा रही है । इस फिल्म की स्क्रिप्ट रॉ के इतिहास की अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं पर आधारित  है । खबरों की मानें तो, आदित्य धर की धुरंधर में संजय दत्त खलनायक की भूमिका निभाएंगे जबकि रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भारतीय खुफिया तंत्र का हिस्सा होंगे।

किरदार की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए, सभी अभिनेताओं ने वास्तविक जीवन के एजेंटों की शक्ल और हाव-भाव से मेल खाने के लिए सावधानीपूर्वक लुक टेस्ट दिया है । सूत्र ने उत्साहपूर्वक कहा, “उरी की अभूतपूर्व सफलता के बाद, यह निर्देशक आदित्य धर के लिए एकदम सही अनुवर्ती है । वह जासूसों की दुनिया से बहुत रोमांचित हैं और उनका दृढ़ विश्वास है कि यह फ़िल्म वैश्विक स्तर पर दर्शकों को पसंद आएगी । रणवीर भी धर के साथ सेट पर फिर से जुड़ने के लिए उतने ही उत्साहित हैं । छह महीने में फ़िल्म की शूटिंग पूरी करने की उम्मीद जताई जा रही है । फिर इसके बाद 2025 की दूसरी छमाही में इसे सिनेमाघरों में रिलीज़ करने का प्लान है ।

आदित्य धर अपने भाई लोकेश धर के साथ मिलकर अपने बैनर बी62 स्टूडियो के तहत धुरंधर का निर्माण करेंगे । हालांकि, वे इस प्रोजेक्ट के लिए एक बड़े स्टूडियो के साथ भी सहयोग कर रहे हैं । रिपोर्ट्स के अनुसार धुरंधर के लिए एक बड़ा बजट और अभूतपूर्व शूटिंग स्केल होगा ।