बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी, एक्ट्रेस व पूर्व राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाज़ लिन लैशराम अब खेल की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। दोनों ने दूरदर्शी लीडर डॉ. विकास गर्ग के साथ मिलकर दिल्ली की टीम ‘पृथ्वीराज योद्धास’ के को-ओनर्स बनने की घोषणा की है। यह टीम पहली बार आयोजित होने जा रही आर्चरी प्रीमियर लीग (APL) में हिस्सा लेगी, जो 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2025 तक यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी।

रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने आर्चरी प्रीमियर लीग में ली एंट्री ; दिल्ली की टीम ‘पृथ्वीराज योद्धास’ के बने को-ओनर्स

रणदीप हुड्डा ने ली आर्चरी प्रीमियर लीग में एंट्री

लिन के लिए यह कदम सिर्फ एक नया बिज़नस नहीं, बल्कि उस खेल में वापसी है जिसने उनके बचपन को दिशा दी। अपने पिता से प्रेरित होकर, जो मणिपुर आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष थे, लिन ने 10 साल की उम्र में तीरंदाज़ी शुरू की और अपनी पहली सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने टाटा आर्चरी अकादमी में ट्रेनिंग ली, कई मेडल जीते और 1998 में जूनियर नेशनल चैंपियन बनीं। चोट के कारण उन्होंने खेल से दूरी बना ली, लेकिन तीरंदाज़ी के प्रति उनका प्यार कभी खत्म नहीं हुआ।

रणदीप हुड्डा ने कहा, “लिन के साथ मिलकर टीम ओन करना मेरे लिए बहुत खास है। तीरंदाज़ी हमेशा से उनके जीवन का हिस्सा रही है, और अब उन्हें इस खेल में फिर से जुड़ते देखना बेहद सुखद है। हमारा मकसद इन युवा खिलाड़ियों को सपोर्ट करना और भारत में आर्चरी को और करीब लाना है। इस तरह की लीग्स से नए टैलेंट को इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलता है, जिससे भारत का टैलेंट पूल और मज़बूत होता है और हम अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीत सकते हैं।”

लिन लैशराम ने अपने भाव साझा करते हुए कहा, “आर्चरी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया अनुशासन, धैर्य और दृढ़ता। भले ही मुझे प्रतिस्पर्धात्मक तीरंदाज़ी छोड़नी पड़ी, लेकिन खेल के प्रति मेरा प्यार कभी खत्म नहीं हुआ। अब एक टीम ओनर के रूप में वापसी करना और युवा तीरंदाजों को प्रोत्साहित करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं चाहती हूं कि और लोग, खासकर लड़कियां, धनुष और बाण उठाएं और इस खेल का आनंद लें।”

डॉ. विकास गर्ग, ‘पृथ्वीराज योद्धास’ के ओनर और एबिक्स ग्रुप के चेयरमैन, ने कहा, “आर्चरी प्रीमियर लीग की शुरुआत भारतीय तीरंदाज़ी के लिए एक ऐतिहासिक पल है। यह न सिर्फ इस खेल को लोकप्रिय बनाएगा, बल्कि देशभर में नए टैलेंट को उभरने का मौका देगा। पृथ्वीराज योद्धास के रूप में हमारा उद्देश्य उत्कृष्टता, नवाचार और भारत की समृद्ध खेल परंपरा को आगे बढ़ाना है।”

Delhi-Yodhas-Randeep-Hooda

APL 2025 में भारत के टॉप तीरंदाज़ जैसे दीपिका कुमारी, धीरज बोम्मदेवरा, ज्योति सुरेखा वेणम और ऋषभ यादव, और अंतरराष्ट्रीय सितारे जैसे माइक श्लॉसर (नीदरलैंड), एंड्रिया बेसेरा (मेक्सिको) और ब्रैडी एलिसन (अमेरिका)भाग लेंगे। कुल 6 फ्रेंचाइज़ टीमें, जिनमें भारतीय और विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे, डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबला करेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम में 8 खिलाड़ी (4 पुरुष और 4 महिलाएं) होंगे।

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा आयोजित इस लीग को AAI अध्यक्ष श्री अर्जुन मुंडा, AAI सचिव श्री वीरेंद्र सचदेवा, वर्ल्ड आर्चरी, वर्ल्ड आर्चरी एशिया और भारत के खेल मंत्रालय का पूरा समर्थन प्राप्त है।

यह लीग भारतीय खेल जगत में तीरंदाज़ी को एक नया और रोमांचक आयाम देने जा रही है।