अयान मुखर्जी, जिसकी पिछली फ़िल्म ये जवानी है दिवानी काफ़ी सफ़ल साबित हुई, एक बार फ़िर अपने सबसे अच्छे दोस्त और अभिनेता रणबीर कपूर के साथ सुपरहीरो ड्रामा फ़िल्म ड्रेगन बनाने जा रहे है । हालांकि इस फ़िल्म को पिछले साल ही शुरू होना था लेकिन फ़िर इसे इस साल के लिए खिसका दिया गया, और अब सुनने में आ रहा है कि एक बार फ़िर ये फ़िल्म मुश्किलों में फ़ंस गई है ।

दरअसल, रणबीर कपूर ने अपने दोस्त अयान मुखर्जी की फ़िल्म ड्रेगन की शूटिंग राजकुमार हिरानी की संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म से पहले की थी । भले ही रणबीर ने अयान की महत्वाकांक्षी फ़िल्म के लिए पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थी, लेकिन जल्द ही उन्हें इस फ़िल्म को होल्ड पर डालना पड़ा, ताकि वह संजय दत्त की फ़िल्म पर ध्यान दे सकें । फ़िलहाल रणबीर इन दिनों संजय दत्त के किरदार को बड़े पर्दे पर उतारने में जुटे हुए हैं । तो अब खबर ये है कि ड्रेगन, जो इस साल की शुरूआत में शुरू होने वाली थी, अब एक बार फ़िर आगे खिसका दी गई है ।

हमने सुना है कि, इसके पीछे कारण हाई बजट माना जा रहा है । चूंकि यह फ़िल्म सुपरहीरो ड्रामा फ़िल्म है इसलिए ऐसा लगता है कि इसमें कंपा देने वाले एक्शन सीन और भारी वीएफ़एक्स होगा जिसकी वजह से फ़िल्म का बजट काफ़ी बढ़ गया है और इसलिए इस फ़िल्म के मेकर्स ने इसे टालने का फ़ैसला किया ।

ड्रेगन को इस साल जनवरी में शुरू होना था लेकिन अब जो स्थिती चल रही है उसको देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि शूटिंग कब शुरू होगी । इस फ़िल्म में पहली बार रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट नजर आएंगी ।