
करण जौहर की आगामी सुपरहीरो फ़िल्म ब्रह्मास्त्र का जब से ऐलान हुआ है तब से यह फ़िल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है । इस फ़िल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । सुपरहीरो बने रणबीर कपूर की यह फ़िल्म भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है और अब हमने सुना है कि मेकर्स इस फ़िल्म को 3डी में रिलीज करेंगे ।
करण जौहर ने इस फ़िल्म के बारें में बात करते हुए बताया कि ब्रह्मास्त्र, फैंटेसी, एडवेंचर और प्यार की ट्रिलॉजी है । हमने सुना है कि मेकर्स का इस फ़िल्म को लेकर एक बड़ा प्लान है और वह इस फ़िल्म को 150 करोड़ रु के बजट में बनाने का इरादा रख रहे है । इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि रणबीर कपूर को अपने हथेलियों से आग लगाए जाने की महाशक्ति है ।
उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म बॉलीवुड की सुपरहीरो फ़्रैंचाइजी, कृष से कोई मेल नहीं खाती है । प्राइम फ़ोकस के ग्लोबल सीईओ नमित मल्होत्रा, जो इन दिनों फ़िल्म पर काम कर रहे हैं, इस फ़िल्म को हॉलीवुड स्टाइल में बनाने की आकांक्षा रखते है । उन्होंने बताया कि यह फ़िल्म 3 डी में रिलीज होगी हालांकि शूट यह नॉर्मल तरीके से ही होगी लेकिन बाद में इसे 3डी में कन्वर्ट कियाजाएगा । उन्होंने दावा किया कि यह फ़िल्म सभी 6 से 60 वर्ष तक के ज़भी आयु वर्ग को लुभाएगी ।
गौरतलब है कि इस फ़िल्म में आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन अहम भूमिका में नजर आएंगे । इस फ़िल्म को ये जवानी है दीवानी के निर्देशक अयान मुखर्जी द्दारा निर्देशित किया जाएगा । इस फ़िल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होने वाली थी लेकिन कलाकारों के पास उनकी पहले से ली गई कमिटमेंट्स के चलते और भारी वीएफ़एक्स की मांग के चलते इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पाई । अब इसे अगले साल की शुरूआत में शुरू किया जाएगा । यह फ़िल्म 15 अगस्त, 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















