रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन की साई-फ़ाई थ्रिलर फ़िल्म ब्रह्मास्त्र का फ़ैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे है । अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी ब्रह्मास्त्र एक 3डी फ़िल्म है और यह 3 पार्ट में रिलीज होगी । मेकर्स ने इसके पहले पार्ट यानि, ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा के ट्रेलर रिलीज की पूरी तैयारी कर ली है । रणबीर कपूर, आलिया भट्ट स्टारर ब्रह्मास्त्र का ट्रेलर 15 जून को रिलीज होगा । अयान मुखर्जी द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म बुराई पर अच्छाई की जीत वाली थीम पर बेस्ड है ।

15 जून को रिलीज होगा रणबीर कपूर, आलिया भट्ट की साई-फ़ाई थ्रिलर ब्रह्मास्त्र का ट्रेलर ; किरदारों के साथ टीजर में दिखी ब्रह्मास्त्र की रहस्यमयी दुनिया

रणबीर कपूर, आलिया भट्ट स्टारर ब्रह्मास्त्र का ट्रेलर

जहां 15 जून को ब्रह्मास्त्र का ट्रेलर रिलीज होगा वहीं मेकर्स ने लोगों की प्रत्याशा बढ़ाने के लिए आज फ़िल्म का टीजर रिलीज किया है । इस टीजर में रणबीर, आलिया, अमिताभ, मौनी और नागार्जुन अपने-अपने किरदार में नजर आ रहे है । अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस सुपरनैचुरल साई-फाई फिल्म ब्रह्मास्त्र में रणबीर सुपर पावर शिवा के मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं, वहीं आलिया ईशा की भूमिका में नजर आने वाली हैं ।

मेकर्स ने ब्रह्मास्त्र का प्रमोशन भी शुरू कर दिया है । मंगलवार को निर्देशक अयान मुखर्जी और अभिनेता रणबीर फिल्म का प्रमोशन करने के लिए विशाखापट्टनम पहुंचे । विशाखापट्टनम में एक कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मास्त्र के ट्रेलर की रिलीज डेट का एलान किया गया । इस दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें से एक वीडियो में फ़ैंस रणबीर का स्वागत एक बड़ी सी माला के साथ करते है । विशाखापट्टनम में पहुंचने के बाद गुलाब के फूलों और माला पहनाकर अयान मुखर्जी और रणबीर का फैंस ने भव्य स्वागत किया ।

स्टार स्टूडियोज, धर्मा प्रोडक्शंस, प्राइम फोकस और स्टारलाईट पिक्चर्स द्वारा निर्मित, ब्रह्मास्त्र 09.09.2022 को 5 भारतीय भाषाओं - हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी । फिल्म में अमिताभ बच्चन, रणबीर और आलिया के अलावा मौनी रॉय और नागार्जुन अक्किनेनी भी अहम रोल नजर आएंगे । इसके अलावा फ़िल्म में शाहरुख खान का कैमियो भी होगा जो फ़िल्म की कहानी में अहम मोड़ लेकर आएगा ।

ब्रह्मास्त्र में शाहरुख के किरदार की बात करें तो, वह इसमें एक वैज्ञानिक की भूमिका में नजर आएंगे । कहा जा रहा है कि शाहरुख की एंट्री फ़िल्म के अहम मोड़ पर होगी । फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने ब्रह्मास्त्र में शाहरुख के कैमियो की जानकारी देते हुए बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, “ब्रह्मास्त्र में शाहरुख एक ऐसे वैज्ञानिक का किरदार निभा रहे हैं जो अपने आसपास के संसाधनों से शक्तिशाली ऊर्जा बनाने की दिशा में काम कर रहा है । उसकी ब्रह्मांड के सबसे क़ीमती हथियार- ब्रह्मास्त्र, जो उसकी ऊर्जा का एक प्रमुख स्रोत है, तक पहुंच है । शाहरुख शुरूआत के 30 मिनट तक फ़िल्म में रहते हैं और उनके किरदार के साथ ही शुरू होती है ब्रह्मास्त्र की जर्नी ।”