
पहले हमने आपको खबर दी थी कि, अमिताभ बच्चन अभिनीत राम गोपाल वर्मा की आगामी फ़िल्म सरकार 3 की शूटिंग शुरू हो चुकी है । अब हमने सुना है कि राम गोपाल की ये फ़िल्म कानूनी पचड़े में फ़ंस गई है । दरअसल नरेंद्र हीरावत ने फ़िल्म के संबंध में कॉपीराइट उल्लंघन के चलते राम गोपाल वर्मा को नोटिस जारी किया है ।
नरेंद्र हीरावत एंड कंपनी के वकील द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस का दावा है कि एकमात्र उनकी कंपनी के पास ऑरिजनल फिल्म सरकार के कॉपीराइट का मालिकाना अधिकार है और इस के साथ-साथ नकारात्मक अधिकार भी है । इसलिए इस फ़िल्म के प्रीक्वल, सीक्वल और रिमेक का मालिकाना हक सिर्फ़ उनके पास है, किसी और के पास नहीं । ये कानूनी नोटिस रामगोपाल वर्मा को भेज दिया गया है , वहीं वकील ने एक व्यापार पत्रिका में नोटिस के माध्यम उन सभी लोगों को भी सूचित कर दिया है जो सरकार 3 में शामिल हैं, कि वह उस फ़िल्म से दूर रहें ।
फ़िल्म की बात करें तो सरकार 3 की शूटिंग पिछले हफ़्ते ही शुरू हुई है । इस फ़िल्म में अमिताभ बच्चन, जैकी श्रॉफ, अमित साध, मनोज बाजपेयी, यामी गौतम और रोनित रॉय मुख्य भूमिका में नजर आएंगे ।
















