
अदम्य साहस और जज्बें की कहानी को दर्शाती राहुल बोस की फ़िल्म पूर्णा का आज नया पोस्टर रिलीज हुआ है जो काफ़ी प्रेरणादायक है । हाल ही में भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने इस फ़िल्म को देखा और ये फ़िल्म उनके दिल को छू गई । आपको बता दें कि यह फ़िल्म अपनी प्रेरणादायक कहानी के साथ बिलकुल सही दिशा की ओर अपने कदम बढ़ा रही है ।
अभिनेता से निर्देशक बने राहुल बोस ने इस फ़िल्म में अभिनय भी किया है । राहुल बोस ने हाल ही में अपनी फिल्म के एक नए पोस्टर का अनावरण किया जिसने फिल्म की तरफ एक बार फिर एक बेहद ही सकारात्मक अपेक्षाएं पैदा कर दी है । "एक लड़की, एक आदमी । एक विश्वास, एक पर्वत ।" फिल्म के नए पोस्टर पर लिखे ये चुनिंदा वाक्य, दर्शकों को फिल्म के बारे में काफी कुछ दर्शा रहें है ।
राहुल की यह फ़िल्म 13 वर्षीय लड़की पूर्णा मालावत के अदम्य साहस की कहानी है जिसने महज 13 साल की उम्र में 25 मई, 2014 को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर चढाई कर तिरंगा लहराया था इस तरह से पूर्णा ने ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की लड़की का खिताब जीत कर इतिहास रच दिया था ।
राहुल बोस अपनी इस फ़िल्म की खास लोगों के लिए अलग-अलग स्क्रीनिंग आयोजित कर रहे हैं और उस दौरान वह अद्भुत प्रतिक्रिया भी प्राप्त कर रहे हैं । हाल ही में राष्ट्रपति भवन में भारत के माननीय राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी और राष्ट्रपति को यह बायोपिक बहुत ही ज्यादा प्रभावित कर गई । इसी के साथ जब भारतीय क्रिकेट टीम को ये फ़िल्म दिखाई गई तो सभी ने इस फ़िल्म को खासा पंसद किया ।
राहुल बोस प्रोडक्शंस, राय मीडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा अमित पाटनी द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित 'पूर्णा' 31 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















