रांझणा के क्लासिक एंडिंग में छेड़छाड़ ने फिल्म के फैंस के साथ-साथ इसके निर्देशक आनंद एल राय और अभिनेता धनुष को भी नाराज़ कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रोड्यूसर्स Eros International ने AI टेक्नोलॉजी की मदद से फिल्म का एक नया "हैप्पी एंडिंग" तैयार किया है, जो आनंद एल राय द्वारा 12 साल पहले धनुष के साथ शूट किए गए ओरिजिनल वर्जन से बिल्कुल अलग है।

रांझणा की हैप्पी एंडिंग से नाराज आनंद एल राय और धनुष
आनंद राय पहले ही इस बदलाव का विरोध जता चुके हैं और अब धनुष ने भी इस फैसले के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आवाज़ उठाई है। आनंद एल राय ने कहा, “धनुष और मैं भाइयों जैसे हैं। हम इस मामले को लेकर कानूनी रास्ते तलाश रहे हैं, क्योंकि यह एक बहुत ही खतरनाक उदाहरण बन सकता है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे अपनी बाकी फिल्मों की भी चिंता हो रही है, और धनुष को भी। हम सक्रिय रूप से न्यायिक विकल्पों पर काम कर रहे हैं, ताकि हमारी क्रिएटिव स्वतंत्रता को बाहरी दखल से बचाया जा सके।”
गौरतलब है कि रांझणा के अलावा आनंद एल राय और धनुष साथ में 'अतरंगी रे' में भी काम कर चुके हैं और तीसरे प्रोजेक्ट की तैयारी में हैं। लेकिन आनंद राय साफ कहते हैं, “इस नई फिल्म पर आगे बढ़ने से पहले, हम इस मौजूदा संकट को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
यह घटनाक्रम ना सिर्फ फिल्म के मूल संदेश और भावनात्मक प्रभाव को प्रभावित करता है, बल्कि AI के ज़रिए क्रिएटिव कंटेंट में की जा रही छेड़छाड़ को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ता है।
















