फ़िल्म शमिताभ में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर वाली अभिनेत्री अक्षरा हसन जल्द ही आगामी फ़िल्म लाली की शादी में लड्डू दीवाना में नजर आएंगी । हालांकि यह फ़िल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई है, हमने सुना है कि राजनीतिक पार्टी विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने फ़िल्म के प्रोड्यूसर टी पी अग्रवाल के ऑफ़िस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया ।

आपको बता दें कि फ़िल्म में अक्षरा हसन एक गर्भवती महिला का किरदार अदा कर रही हैं और फ़िल्म के एक सीन में वे सात फ़ेरे लेते हुई नजर आईं है और इसी सीन पर विश्व हिन्दू परिषद को आपत्ती है । विश्व हिन्दू परिषद को फिल्म के इसी सीन को लेकर आपत्ति है । कहा जा रहा है कि फिल्म में एक गर्भवती महिला को शादी करते हुए दिखाया गया है, जिससे हिन्दू धर्म मानने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंची है । उनका कहना है कि हिंदू धर्म में गर्भवती महिलाएं सात फेरे नहीं लेती हैं । वीएचपी ने फिल्म से सीन को हटाने की मांग की है ।

हालांकि मेकर्स ने किसी भी सीन को हटाने से इंकार कर दिया है और उनका कहना है कि उनकी फ़िल्म को पहले ही सेंसर बोर्ड से UA सर्टिफिकेट मिल चुका है । यह फ़िल्म 7 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।