पिछले दिनों टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता और नागिन 3 फ़ेम पर्ल वी पुरी को एक नाबालिग से रेप के आरोप में पुलिस ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लिया था । नाबालिग से यौन शोषण संबंधित धारा के तहत गिरफ़्तार हुए पर्ल वी पुरी को 15 जून को वसई सेशन कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया । 14 दिन जेल में बिताने के बाद पर्ल कुछ दिन खामोश रहे लेकिन अब उन्होंने अपने ऊपर लगे तमाम आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है । साथ ही अपने दिल के दर्द को भी इमोशनल पोस्ट के जरि बयां किया है ।

पर्ल वी पुरी ने तोड़ी चुप्पी
पर्ल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी है जिसमें उन्होंने उन तमाम फैन्स का भी शुक्रिया अदा किया है जिन्होंने इस मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया । साथ ही भारत के कानून और भगवान पर भरोसा जताया । पर्ल ने लिखा, “जिंदगी अपने तरीके से लोगों का इम्तिहान लेती है ! कुछ महीनों पहले नानी मां को खोया, उनके गुजरने के 17वें दिन पापा को खो दिया, फिर पता चला मां को कैंसर है और फिर ये खौफनाक आरोप । पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं रहे । एक ही रात में मुझे अपराधी के जैसा महसूस करने पर मजबूर कर दिया गया । और ये सब कुछ मां के कैंसर ट्रीटमेंट के बीच, ये मेरे अंदर सुरक्षा की भावना को तोड़कर रख दिया...मुझे बेबस कर दिया ।
मुझे अभी भी कुछ बिल्कुल शून्य सा महसूस हो रहा है...लेकिन फिर मैंने दोस्तों, फैंस और शुभचिंतकों से संपर्क करने की सोची जिन्होंने मुझे प्यार दिया, साथ दिया और मेरी चिंता की । मुझमें भरोसा रखने के लिए धन्यवाद और मैं सत्यमेव जयते में यकीन रखता हूं । मुझमें विश्वास बनाए रखने के लिए शुक्रिया । मैं सत्यमेव जयते में विश्वास करता हूं । मुझे अपने देश के कानून और भगवान पर पूरा विश्वास है । प्लीज दुआएं देते रहना ।”
बता दें कि 4 जून को पर्ल को मुंबई पुलिस ने नाबालिग से रेप के आरोप में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था । जिसके बाद मुंबई की वसई कोर्ट ने पर्ल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था । पर्ल के खिलाफ आईपीसी की धारा CR IPC 376 AB, r/w POCSO Act 4, 8, 12,19, 21 के तहत अरेस्ट किया था ।
















